
पंच👊नामा
रुड़की: भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी अभियान के तहत विजिलेंस की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए रुड़की तहसील में तैनात चकबंदी लेखपाल को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। यह कार्रवाई किसान की शिकायत पर की गई, जिसमें आरोप लगाया गया था कि लेखपाल उसकी जमीन से संबंधित कार्य को निपटाने के बदले रिश्वत मांग रहा था।
—————————————-
कैसे हुआ पूरा ऑपरेशन..?सूत्रों के मुताबिक, एक किसान लंबे समय से अपनी जमीन संबंधी कागजात के लिए चकबंदी कार्यालय के चक्कर काट रहा था। जब उसने समस्या का हल चाहा तो लेखपाल ने उससे रकम की मांग की। परेशान किसान ने इसकी शिकायत विजिलेंस विभाग से कर दी। विजिलेंस टीम ने पहले पूरे मामले की जांच की और फिर जाल बिछाया। तय प्लान के अनुसार, किसान रिश्वत की रकम देने पहुंचा और जैसे ही लेखपाल ने पैसे हाथ में लिए, टीम ने उसे दबोच लिया।
—————————————-
तहसील परिसर में हड़कंप, लोगों की लगी भीड़…विजिलेंस की इस कार्रवाई से तहसील परिसर में हड़कंप मच गया। जैसे ही खबर फैली, चकबंदी कार्यालय के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ लोग इसे न्याय की जीत बता रहे थे, तो कुछ सरकारी कार्यालयों में बढ़ते भ्रष्टाचार पर नाराजगी जता रहे थे।
—————————————-
लेखपाल से पूछताछ जारी, और भी खुलासों की उम्मीद…..विजिलेंस टीम ने आरोपी लेखपाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में और भी कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। लेखपाल का नाम कृष्णपाल बताया जा रहा है।
—————————————-
रुड़की तहसील में जारी है भ्रष्टाचार….?

यह पहली बार नहीं है जब तहसील में रिश्वतखोरी का मामला सामने आया हो। आम लोगों का कहना है कि सरकारी कार्यालयों में बिना रिश्वत के काम कराना मुश्किल हो गया है। इस कार्रवाई से उम्मीद की जा रही है कि ऐसे भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।