सफाई कंपनी के कर्मचारियों की हड़ताल शुरू, आक्रोशित कर्मचारी ने किया आत्मदाह का प्रयास..
शहर में डोर टू डोर कचरा उठाती है कासा ग्रीन कंपनी, एलआईयू की सक्रियता से बची जान, मची अफ़रा तफरी..

पंच👊🏻नामा-ब्यूरो
विकास कुमार, हरिद्वार: शहर में डोर टू डोर कचरा उठाने वाली कासा ग्रीन कंपनी ने भुगतान न होने पर काम से हाथ खड़े कर लिए हैं। कर्मचारियों ने कंपनी कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इसी बीच एक कर्मचारी संदीप गोयल ने आवेश में आकर अपने ऊपर मिट्टी का तेल छिड़क कर आत्मदाह का प्रयास कर डाला।
गनीमत रही कि माैके पर मौजूद एलआईयू कर्मचारी चंदन सिंह पंवार और डीएस राजवंशी ने कर्मचारी को रोक लिया। बाद में उनकी कर्मचारियों से नोंक झोंक भी हुई।
गुस्साए कर्मचारियों का कहना था कि जब घर में खाने को नहीं रहेगा तो आदमी खुद को आग लगाने के सिवाय क्या करेगा।
कर्मचारियों ने नगर निगम अधिकारियों पर उत्पीड़न व शोषण का आरोप लगाया।
कर्मचारियों ने सवाल उठाया कि एक तरफ नगर निगम की संपत्तियों पर खुलेआम कब्जे हो रहे हैं और अधिकारी उनको गुप्त रूप से सपोर्ट कर रहे हैं।
दूसरी तरफ मेहनत करने वाले कर्मचारियों पर वेतन का भी संकट है। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि भुगतान न होने पर काम नहीं किया जाएगा।