
पंच👊नामा
रुड़की: पाडली गुज्जर नगरपंचायत सीट से भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार चांदनी ने चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। आज नगरपंचायत क्षेत्र में उनके चुनाव कार्यालय का भव्य उद्घाटन हुआ, जिसमें भाजपा के कई दिग्गज नेताओं ने शिरकत की। कार्यालय उद्घाटन के अवसर पर आयोजित जनसभा में भाजपा नेताओं ने चांदनी को विजयी बनाने के लिए जनता से समर्थन की अपील की और भाजपा के विकास मॉडल को आगे बढ़ाने की बात कही।
—————————————-
दिग्गज नेताओं की उपस्थिति और संबोधन…..कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने अपने भाषण में कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में विकास का जो दौर चला है, वही पाडली गुज्जर में भी आएगा। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने हर वर्ग के लिए योजनाएं बनाई हैं और उन पर प्रभावी अमल किया है।
चांदनी हमारी पार्टी की एक मेहनती और ईमानदार उम्मीदवार हैं, जो जनता की समस्याओं का समाधान करेंगी।” उन्होंने चांदनी के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि “आपका हर वोट विकास के लिए होगा, भ्रष्टाचार मुक्त पंचायत के लिए होगा।
—————————————-उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष शादाब शम्स ने कहा, “भाजपा सरकार ने अल्पसंख्यक समुदाय के उत्थान के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। पाडली गुज्जर का भविष्य संवारने के लिए हमें भाजपा को चुनना होगा। चांदनी के नेतृत्व में यह नगरपंचायत विकास के पथ पर अग्रसर होगी।”
—————————————-भाजपा जिलाध्यक्ष शोभराम प्रजापति ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “हमारी पार्टी की नीतियां और कामकाज जनता के सामने हैं। भाजपा के शासन में गांव, नगर, और शहर सबका समान रूप से विकास हुआ है। पाडली गुज्जर की जनता भी अब विकास और पारदर्शिता चाहती है, और यही चांदनी की प्राथमिकता होगी।
—————————————-पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल ने अपने संबोधन में कहा, “यह चुनाव सिर्फ एक सीट का नहीं, बल्कि क्षेत्र के भविष्य का सवाल है। भाजपा प्रत्याशी को जिताने से पाडली गुज्जर में नई योजनाओं और विकास कार्यों को गति मिलेगी। विपक्षी पार्टियों ने सिर्फ वादे किए हैं, जबकि भाजपा ने उन्हें पूरा किया है।
—————————————-जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी ने अपने संबोधन में जनता को भाजपा सरकार की नीतियों और उपलब्धियों से अवगत कराते हुए कहा, “भारतीय जनता पार्टी ने विकास को सिर्फ वादों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि हर योजना को ज़मीन पर उतारने का काम किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ पर आधारित है, और इसी सोच के तहत पाडली गुज्जर को भी नई ऊंचाइयों तक ले जाया जाएगा।
—————————————-वरिष्ठ भाजपा नेता बेहरोज आलम ने कहा, “जनता का उत्साह बता रहा है कि परिवर्तन तय है। भाजपा की सरकार ने हर स्तर पर विकास किया है, और चांदनी वह चेहरा हैं जो क्षेत्र में इस विकास की नई इबारत लिखेंगी।
—————————————-
भाजपा के विकास एजेंडे का प्रचार……सभी नेताओं ने अपने संबोधन में भाजपा के विकास मॉडल को केंद्र में रखा। उन्होंने कहा कि पार्टी ने महिलाओं, युवाओं, और किसानों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं। पाडली गुज्जर के लिए चांदनी को चुनना जनता के हित में होगा।
कार्यालय उद्घाटन में बड़ी संख्या में जनता की भागीदारी ने भाजपा नेताओं को गदगद कर दिया। उपस्थित भीड़ ने “भाजपा ज़िंदाबाद” और “चांदनी को जिताओ” के नारे लगाए। नेताओं ने कहा कि यह जनसमर्थन इस बात का संकेत है कि जनता भाजपा की ओर है और इस बार भी भाजपा का परचम लहराएगा।
—————————————-
चांदनी का आभार और संकल्प….भाजपा प्रत्याशी चांदनी ने जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “यह कार्यालय जनता की सेवा का केंद्र बनेगा। मैं पाडली गुज्जर की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम करूंगी। हर परिवार के विकास और हर गली-मोहल्ले में सुविधाएं पहुंचाना मेरा लक्ष्य है।
“जनसभा के अंत में भाजपा नेताओं ने जनता से घर-घर जाकर पार्टी के लिए प्रचार करने का आह्वान किया और आगामी चुनाव में भारी मतों से भाजपा को विजयी बनाने का संकल्प लिया।