हरिद्वार

जिसका नामांकन निरस्त हुआ, भाजपा नेताओं ने उसे ही घोषित कर दिया अध्यक्ष, गरमाई राजनीति..

संरक्षक मंडल ने पुलिस को दी शिकायत, भेलकर्मी पर चुनाव लड़ने का आरोप, जांच कर रही पुलिस..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: ज्वालापुर: सुभाषनगर क्षेत्र में व्यापार मंडल चुनाव के बाद विवाद गहरा गया है। जहां दो दिन पहले निर्विरोध अध्यक्ष घोषित किए गए प्रत्याशी के विरोध में रविवार को कुछ व्यापारियों ने अलग से बैठक कर उस प्रत्याशी को अध्यक्ष घोषित कर दिया, जिसका नामांकन पहले ही निरस्त किया जा चुका था। इस घोषणा में दो भाजपा विधायकों सहित कई स्थानीय नेता भी मौजूद रहे।

अध्यक्ष घोषित व्यापारी भेलकर्मी भी बताए गए हैं। इस घटनाक्रम के बाद व्यापार मंडल की राजनीति गरमा गई है। निर्विरोध अध्यक्ष घोषित किए गए विक्की सेतिया के समर्थकों ने इसे चुनाव प्रक्रिया का अपमान बताया है और संयोजक मंडल की ओर से ज्वालापुर कोतवाली में शिकायत दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
—————————————
क्या है पूरा मामला… ?सुभाषनगर व्यापार मंडल के चुनाव की प्रक्रिया बीते सप्ताह शुरू हुई थी। अध्यक्ष पद के लिए दो नामांकन दाखिल हुए—ललित सैनी और विक्की सेतिया के। संयोजक मंडल में राखी सजवाण, रवि कुमार, एसके शर्मा और भारत रावत शामिल थे, जिन्होंने नामांकन पत्रों की जांच की।जांच के दौरान ललित सैनी के नामांकन के साथ लगाए गए शपथ पत्र में कथित रूप से गलत जानकारी पाए जाने पर उनका नामांकन निरस्त कर दिया गया। इसके बाद विक्की सेतिया को निर्विरोध अध्यक्ष घोषित कर दिया गया, और व्यापारियों ने ढोल-नगाड़ों और माल्यार्पण कर उनका स्वागत भी किया।
—————————————
भाजपा नेताओं की घोषणा से बढ़ा बवाल…..रविवार को अचानक कुछ व्यापारियों ने एक अलग बैठक बुलाई, जिसमें दो भाजपा विधायक और कई स्थानीय नेता शामिल हुए। इसी बैठक में भाजपा नेताओं ने ललित सैनी को सुभाषनगर व्यापार मंडल का अध्यक्ष घोषित कर दिया।इससे पहले घोषित अध्यक्ष विक्की सेतिया और उनके समर्थकों ने इसे चुनाव नियमों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के खिलाफ बताया। व्यापार मंडल के संयोजक मंडल ने इस पर आपत्ति जताते हुए ज्वालापुर कोतवाली में तहरीर दी है।पुलिस ने शुरू की जांच….
ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
—————————————
व्यापारियों में भी बंटी राय…..इस घटनाक्रम के बाद व्यापारियों में दो फाड़ होती नजर आ रही है। एक वर्ग विक्की सेतिया के पक्ष में खड़ा है, जबकि दूसरा वर्ग भाजपा नेताओं की घोषणा के आधार पर ललित सैनी को अध्यक्ष मान रहा है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि यदि इस तरह निर्वाचित अध्यक्ष को दरकिनार कर राजनीतिक दबाव में नई घोषणा की जाती रही, तो चुनाव प्रक्रिया का कोई मतलब नहीं रह जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »
error: Content is protected !!