“हरिद्वार में होली पर भाजपा नेता की पोस्ट ने मचाई हलचल.. लोग बोले, “टिकट मिले न मिले, पैसे वापस मिलने चाहिए..!!
महापौर और विधायक का चुनाव लड़ने को कई साल से तैयार, मगर बढ़ता ही जा रहा इंतजार, क्या इस बार लगेगी नैय्या पार..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: बुरा न मानो होली है, इस वाक्य के सहारे होली पर लोग अक्सर मज़ाक-मज़ाक में वो सब कह जाते हैं, जो आमतौर पर नहीं कह सकते। लेकिन हरिद्वार में भाजपा नेता डॉ विशाल गर्ग की एक भावनात्मक पोस्ट ने शहर के राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी। डॉ. विशाल गर्ग वर्षों से महापौर और विधायक चुनाव लड़ने की तैयारी करते हैं।
भाजपा ही नहीं, आधा दर्जन से ज्यादा संगठनों में उनकी सक्रियता और जनसंपर्क के बावजूद टिकट का इंतजार चुनाव दर चुनाव बढ़ता ही जा रहा है। इस पीड़ा के साथ-साथ उन्होंने हरिद्वार के जाने-माने माननीय पर कई दशक पुराने लेनदेन का खुलासा भी किया है।
अब लोग कह रहे हैं कि इतने लंबे इंतजार के बावजूद 2027 में उन्हें टिकट मिले न मिले, लेकिन दशकों पुरानी उधार की रकम वापस ज़रूर मिलनी चाहिए। चर्चा इस बात की भी है कि क्या पार्टी नेतृत्व इस बार पुराने कार्यकर्ता की तपस्या का फल देगा, या फिर इंतजार की यह होली अगले चुनाव तक टल जाएगी। शहर की राजनीति में सस्पेंस बरकरार है।
“पेश है डॉक्टर विशाल गर्ग की शब्द ब शब्द पोस्ट” “दोस्तों, यह दिल आपके स्नेह और विश्वास का ऋणी है। आप सभी को मेरा सादर नमस्कार।
बात वर्ष 1998 की है। उस समय मैं गांधी आई हॉस्पिटल, अलीगढ़ में अध्ययनरत था। छुट्टियों में जब मैं अपनी दुकान “लच्छी राम रोशन लाल हार्डवेयर पेंट्स” पर आया, तो पिताजी ने कहा कि खन्ना नगर में एक माननीय के पास काफी समय से हमारे पैसे उधार हैं और वे वापस नहीं कर रहे हैं। पिताजी के प्रिया स्कूटर पर बैठकर मैं उनसे पैसे मांगने गया था।
समय बदला, परिस्थितियां बदलीं। आज वही माननीय अकूत संपत्ति के मालिक बन चुके हैं। तब से आज तक मन में एक प्रश्न बार-बार उठता है कि आखिर इतनी बड़ी संपत्ति कैसे और किन परिस्थितियों में अर्जित हुई।
मित्रों, विधानसभा 25 ने पांच बार, छह बार एक ही नेतृत्व को अवसर दिया है। लेकिन आज यह विधानसभा परिवर्तन की मांग कर रही है। क्या केवल सड़कों और नालियों को ही विकास मान लिया जाए, या फिर हमें नई सोच, नई ऊर्जा और दूरदर्शी दृष्टिकोण के साथ क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए?
मुझे विश्वास है कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, हमारे युवा और ऊर्जावान मुख्यमंत्री माननीय पुष्कर सिंह धामी जी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन जी जिस प्रकार देश और प्रदेश में नई सोच और युवा नेतृत्व को आगे बढ़ा रहे हैं, उसी प्रकार हरिद्वार विधानसभा में भी सकारात्मक परिवर्तन का अवसर अवश्य मिलेगा।
मैं हरिद्वार शहर के अपने सभी युवा साथियों और नागरिकों से हृदय से आह्वान करता हूं कि हरिद्वार के नवनिर्माण, विकास और यहां लगातार कम हो रहे यात्रियों की संख्या को बढ़ाने के लिए हम सब एकजुट होकर परिवर्तन की इस यात्रा का हिस्सा बनें। आइए, हम सब मिलकर अपने पवित्र हरिद्वार को नई पहचान, नई ऊर्जा और उज्ज्वल भविष्य देने का संकल्प लें।



