हरिद्वार

सेना दिवस पर पूर्व सैनिकों के सम्मान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार में भव्य कार्यक्रम, ‘वीर परिवार सहायता योजना–2025’ की दी गई विस्तृत जानकारी..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: सेना दिवस के पावन अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार के सभागार भवन में एक विशेष व गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नालसा थीम सांग “एक मुट्ठी आसमान” के साथ हुआ, जिसने उपस्थित जनसमूह में देशभक्ति और सम्मान का भाव भर दिया।कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी रिटेनर अधिवक्ता श्रीमती संगीता भारद्वाज द्वारा दी गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, उनके परिवारजन तथा बच्चे उपस्थित रहे।कार्यक्रम की मुख्य कड़ी के रूप में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिमरनजीत कौर ने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) द्वारा संचालित “वीर परिवार सहायता योजना–2025” की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह योजना पूर्व सैनिकों व उनके परिजनों को विधिक सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई है, जिससे वे अपने अधिकारों की रक्षा कर सकें।कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश महोदय/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार द्वारा की गई। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि “हमारी स्वतंत्रता इसलिए सुरक्षित है क्योंकि भारतीय सेना का साहस अदम्य है। हम अपने घरों में चैन की नींद इसलिए सो पाते हैं क्योंकि हमारे सैनिक सरहद पर देश की रक्षा में तैनात रहते हैं।” उन्होंने सेना दिवस को उन सभी वीर जवानों को नमन करने का दिवस बताया और आश्वस्त किया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार सैनिकों एवं उनके परिवारों को विधिक सहायता प्रदान करने के लिए सदैव तत्पर है।कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों ने अपनी समस्याएं साझा कीं, जिन्हें गंभीरता से सुना गया। साथ ही पूर्व सैनिकों के परिवारजनों से आए बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने कार्यक्रम को भावनात्मक एवं यादगार बना दिया। कार्यक्रम के समापन पर अध्यक्ष/जनपद न्यायाधीश नरेंद्र दत्त, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संदीप कुमार व सचिव सिमरनजीत कौर द्वारा प्रतिभागियों को सम्मान पत्र प्रदान किए गए। अंत में सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का विधिवत समापन किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!