पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: जिले में कभी विधानसभा चुनाव में नंबर वन की पार्टी रही बसपा को अपने प्रदेश मुख्यालय की शिवालिक नगर पालिकाध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार ही नहीं मिला है, जबकि, मंगलौर नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए दल के रूप में केवल बसपा का हाथी चुनाव चिंह रहेगा।
भाजपा की ओर से सुल्तानपुर, पिरान कलियर, लंढौरा, मंगलौर नगर निकाय प्रमुख की सीट को फ्री छोड़ दिया गया है।
जिले के 14 नगर निकाय प्रमुखों की सीटों पर चुनाव होने जा रहा है। इनमें भाजपा 10, कांग्रेस 13, बसपा 12 शहरों की सरकार पर कब्जा करने के लिए दमदारी के साथ चुनाव लड़ा जा रहा है। लेकिन, जिले की राजनीति में तीसरा स्थान रखने वाली बसपा को अपनी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय वाले निकाय शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष पर ही प्रत्याशी नहीं मिला है। जिससे पार्टी का अध्यक्ष पद प्रत्याशी चुनावी मैदान में नहीं है। झबरेड़ा नगर पंचायत में भी अध्यक्ष पद के प्रत्याशी का नामांकन निरस्त होने से पार्टी चुनाव नहीं लड़ सकेगी। हालांकि, बसपा के जिलाध्यक्ष अनिल चौधरी का कहना है कि शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष पद पर चार से पांच दावेदार पार्टी के सिंबल पर चुनाव लड़ने के लिए लाइन में थे, लेकिन, पार्टी स्थानीय नेताओं से समन्वय स्थापित नहीं होने टिकट देने से चूक गई। मंगलौर सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार का पर्चा खारिज होने और भाजपा की ओर से प्रत्याशी नहीं उतारे जाने से एक मात्र राजनीतिक दल बसपा का उम्मीदवार दल के चुनाव चिंह पर मैदान में हैं। भाजपा की ओर से सुल्तानपुर नगर पंचायत, पिरान कलियर और लंढौरा नगर पंचायत को भी फ्री छोड़ दिया गया है।
हालांकि, लंढौरा में भाजपा की ओर से पार्टी उम्मीदवार घोषित किया गया था, लेकिन, बाद में इन्हें विरोध के बाद सिंबल आवंटित नहीं किया गया।