
पंच👊नामा-ब्यूरो
उत्तर प्रदेश के कांवड़ियों से भरी एक बस के ब्रेक फेल होने पर बड़ा हादसा हो गया। कांवड़िये नीलकंठ महादेव मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। मुनिकीरेती के खारा स्रोत के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जिसमें एक महिला की मौत हो गई। जबकि 34 यात्री घायल हो गए। बस में 60 से अधिक यात्री सवार थे। दिल दहला देने वाली हादसे की वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
दुर्घटना गुरुवार शाम करीब 5:00 बजे हुई। बलिया उत्तर प्रदेश से करीब 60 यात्री एक डबल डेकर बस में सवार होकर नीलकंठ महादेव मंदिर के दर्शन के लिए आए थे। गुरुवार को उन्होंने हरिद्वार में जल भरा उसके बाद नीलकंठ के लिए रवाना हुए। बस को भद्रकाली होते हुए मुनिकी रेती पार्किंग में आना था। भद्रकाली से आगे अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए। अनियंत्रित बस पहले एक पोल से टकराई, जिसके बाद जबरदस्त टक्कर के साथ पहाड़ी से टकराकर घिसटते हुए कुछ आगे जाकर रुक गई। दुर्घटना के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने बस में सवार यात्रियों को किसी तरह बाहर निकाला। घायलों को 108 आपात सेवा तथा विक्रम टेंपो के माध्यम से राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश भेजा गया। जहां इंदु देवी (50 वर्ष) पत्नी भरत निवासी मजुआ बलिया उत्तर प्रदेश को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि दुर्घटना में 34 यात्रियों को चोटें आई हैं। यह पूरी घटना चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। अच्छी बात यह रही कि ब्रेक फेल होने के बाद चालक ने अपना होश हवास नहीं सोया। उसने डिवाइडर पर बैठे एक महिला और एक लड़के को बचाने का भी भरसक प्रयास किया। तेज रफ्तार के कारण बस अनियंत्रित होकर पलट गई।