
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: पंचायत चुनाव की सरगर्मियों के बीच पूर्व प्रधान पर हमला करने के बाद एक गुट ने दूसरे गुट को डराने और गांव में अपना दबदबा बनाने के लिए चौराहे पर तलवार से केक काटा। इतना ही नहीं, जान पहचान वालोें से उनकी बंदूक व रिवाल्वर मांगकर दशहत फैलाने का प्रयास भी किया गया। बाद में जानबूझकर सोशल मीडिया पर फोटो और वीडियो वायरल किए गए। लेकिन पुलिस को यह कतई कुबूल नहीं हुआ। आला अधिकारियों के निर्देश पर पथरी थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए दो आरोपियों को धर दबोचा। उनके कब्जे से एक रिवाल्वर, तीन जिन्दा कारतूस और एक डबल बैरल बंदूक भी बरामद की गई है। मांगने पर अपनी बंदूक व रिवाल्वर थमाने वालों पर भी पुलिस ने कार्रवाई की है।
पुलिस के मुताबिक, पथरी क्षेत्र के गांव बहादरपुर जट में बीते गुरुवार को पूर्व ग्राम प्रधान विकास कुमार गुट और गांव के एक अन्य गुट में झगड़ा हो गया था। एक पक्ष की ओर से लोकेश कुमार ने हर्ष चौधरी, जतिन चौधरी व रजत चौधरी आदि के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। वहीं, पूर्व प्रधान विकास कुमार की ओर से भी जतिन चौधरी आदि पर गाली-गलौच व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस मामले में सोमवार को पीड़ित पूर्व प्रधान ने पुलिस को सूचना दी कि जतिन चौधरी आदि ने उसे डराने धमकाने और भयभीत करने के उद्देश्य से गांव के चौराहे पर खुले स्थान पर लंबी तलवार से केक काटा और ,उसे भयभीत करने के उद्देश्य से फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया है। एसओ पथरी रविंद्र कुमार ने आला अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराया। पंचायत चुनाव को देखते हुए पुलिस कप्तान डा. योगेंद्र सिंह रावत व एसपी देहात परमेंद्र डोबाल ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। सीओ लक्सर हेमेंद्र नेगी के निर्देशन में पथरी थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने टीम को साथ लेकर बहादरपुर जट में हर्ष चौधरी के घर छापा मारा और उसके कब्जे से डबल बैरल बंदूक 12 बोर व तीन जिंदा कारतूस बरामद कर लिए। पूछताछ में हर्ष ने बताया कि बंदूक गांव निवासी उमेश शर्मा की है। उसने पूर्व प्रधान विकास कुमार को डराने व गांव में भय का माहौल व्याप्त करने के लिए बंदूक ली थी। दबिश पड़ने पर आरोपित जतिन व रजत पुलिस टीम को देखकर भाग खड़े हुए। पकड़े गए हर्ष चौधरी से फोटो में उसके भाई के हाथ में दिख रही रिवाल्वर के बारे में पूछने पर उसने पड़ोसी शकील का नाम बताया। तब पुलिस ने आरोपी शकील को भी गिरफ्तार कर लिया। पथरी थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि दो आरोपितों को रिवाल्वर व बंदूक के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। फरार अन्य आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
—————————————————
मृतक के नाम चल रही थी बंदूक…
हरिद्वार: बंदूक के बारे में पता चलने पर पुलिस ने उमेश शर्मा के घर दबिश दी। वह घर पर नहीं मिला। उसके बेटे अभिनव ने बताया गया कि बंदूक उमेश शर्मा के पिता राजेश्वर दत्त शर्मा के नाम पर है। कुछ महीने पहले उनकी मौत हो चुकी है। फिर भी बंदूक उमेश शर्मा ने अपने घर रखी हुई थी। बल्कि मांगने पर उमेश शर्मा ने बंदूक अपने परिचित हर्ष को भी थमा दी। इसी तरह शकील ने भी मांगने पर जतिन को अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर दी हुई थी। पुलिस ने उमेश और शकील के खिलाफ भी मुकदमें दर्ज किए हैं। पथरी थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि दोनों असलहों का लाइसेंस रद्द करने की रिपोर्ट भी जिलाधिकारी को भेजी जा रही है।