पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पुतला जलाने पहुंचे कांग्रेसियों के सामने अजीब स्थिति पैदा हो गई। दरअसल, विरोध प्रदर्शन के दौरान कार में रखा मुख्यमंत्री का पुतला अचानक रहस्यमयी परिस्थितियों में गायब हो गया। हालांकि, कांग्रेसियों का आरोप है कि पुलिस ने ही पुतला चोरी किया है। इस बात को लेकर कांग्रेसियों की पुलिस से नोकझोंक भी हुई। लेकिन सवाल यह है कि शहर के सबसे व्यस्ततम चौराहे पर जब चार थानों की पुलिस मुस्तैद थी, ऐसे में पुतला कैसे चोरी हो गया।
बहरहाल, पुतला चोरी होने के बाद कांग्रेसियों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। कुछ कागज और बोरी के टुकड़े जलाकर सांकेतिक रूप से पुतला दहन किया गया।
—————————————
“इसलिए जलाया जाना था पुतला……
यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने दो दिन पहले रानीपुर मोड़ पर विरोध प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री का पुतला जलाया। जिस पर पुलिस ने दो कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर शांतिभंग में उनका चालान किया था। गिरफ्तारी के विरोध में यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता वरुण बालियान ने रविवार को उससे भी बड़ा पुतला जलाने और विरोध प्रदर्शन करने की चेतावनी दी थी।
तय कार्यक्रम के अनुसार ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर, महापौर अनीता शर्मा, पूर्व राज्य मंत्री नईम कुरैशी, महापौर प्रतिनिधि व पूर्व सभासद अशोक शर्मा, कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष सुनील कुमार, यूथ कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष अमरदीप रोशन, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ महानगर अध्यक्ष शाहनवाज कुरैशी, यूथ कांग्रेस नेता विनीत त्यागी, अंकित चौधरी, इलमास उर्फ इम्मी आदि बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता चंद्राचार्य चौक पर इकट्ठा हुए और यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता वरुण बालियान के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया।
नारेबाजी के बीच कार्यकर्ता जब कार में रखा पुतला लेने पहुंचे तो देखा कि पुतला गायब है। पुतला गायब होने की बात सुनकर विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी कर रहे कांग्रेसी हैरत में पड़ गए। यातायात सुचारू रखने और शांति व्यवस्था के मद्देनजर मौके पर तैनात सीओ यातायात राकेश रावत, रानीपुर कोतवाली प्रभारी नरेंद्र बिष्ट, कनखल थानाध्यक्ष नितेश शर्मा और ज्वालापुर कोतवाली के एसएसआई संतोष सेमवाल से कांग्रेसियों ने पुतले के बारे में पूछा।
पुलिस का कहना था कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। वहीं, वरुण बालियान ने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि कार से पुलिस ने पुतला चोरी किया है और इस संबंध में तहरीर भी दी जाएगी।
आरोप लगाया कि सरकार तानाशाही पर उतारू है और विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी तरह ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर ने कहा कि कांग्रेसियों का दमन करने वालों के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष किया जाएगा।
—————————————
“कांग्रेसियों को गिरफ्तार करने की थी तैयारी……
विरोध प्रदर्शन के दौरान यदि पुतला जलाया जाता तो पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने की भी पूरी तैयारी की थी। इसीलिए आसपास के थानों की पुलिस बुलाई गई थी और कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर ले जाने के लिए एक बड़ी गाड़ी का इंतजाम भी पहले से किया गया था। लेकिन पुतला गायब होने से पूरा घटनाक्रम ही बदल गया।
मामले को लेकर कई तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं। वहीं, घटनाक्रम के बाद चौराहे पर लोग चुटकी लेते नजर आए। कुछ लोगों का कहना था कि भरी गर्मी में जलाए जाने से बचने के लिए पुतला खुद फरार हुआ है।
इतना ही नहीं, एक सरकारी कर्मचारी का यहां तक कहना था कि कांग्रेस जब पुतला ही नहीं संभाल पा रहे हैं तो फिर सत्ता कैसे संभालेंगे।
