
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून: धनतेरस से एक दिन पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम के दौरान राजधानी देहरादून में रिलायंस ज्वैलर्स शोरूम में दिनदहाड़े करोड़ की डकैती का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ा संज्ञान लिया है।

सीएम ने डीजीपी समेत आला अधिकारियों को तलब करते हुए जल्द से जल्द बदमाशों को पकड़ने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद देहरादून पुलिस पर सनसनीखेज वारदात के खुलासे का दबाव कई गुना बढ़ गया है। लेकिन राहत की बात यह है कि इतने भारी दबाव के बीच पुलिस ने कई अहम सुराग ढूंढ निकाले हैं।

बदमाशों की बाइक भी पुलिस को मिली है। घटना के बाद पूरे जिले में सघन चेकिंग के दौरान बदमाश अपनी बाइक छोड़कर भागे हैं। सूत्र बताते हैं कि दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश बिहार से जुड़े हैं।

पुलिस कप्तान अजय सिंह के निर्देशन में कई पुलिस टीम में बदमाशों की धर पकड़ के लिए अलग-अलग राज्यों को रवाना हो गई हैं।

—————————————-
“पुलिस की व्यस्तता का उठाया फायदा……
राजधानी में राजपुर रोड पर स्थित रिलायंस ज्वैलर्स शोरूम में दिनदहाड़े कर्मचारियों को बंधक बनाकर डकैती को अंजाम देने वाले बदमाशों ने पुलिस की व्यस्तता का भरपूर फायदा उठाया।

गुरुवार को पूरा पुलिस अमला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रोटोकॉल में व्यस्त था। उसी दौरान हथियारों से लैस बदमाश शोरूम में घुस गए और हथियारों के बल पर कर्मचारियों को बंधक बना लिया।

ऐसा बताया गया है कि बदमाशों ने 10 से 15 करोड रुपए के जेवरात का डाका डाला है। पूरी वारदात शोरूम के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें बदमाशों की दहशत में कर्मचारी खुद ही अलमारी से सोना निकाल कर उनके हवाले कर रहे हैं।
————————————–
घटना से पुलिस में हड़कंप मच गया और देहरादून के साथ-साथ हरिद्वार, उधमसिंह नगर जैसे बड़े जिलों में चौकसी बढ़ा दी गई। घटना का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संज्ञान लेते हुए नाराजगी जताई है।

शुक्रवार को पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक अंशुमन, आइजी गढ़वाल सहित एसएसपी देहरादून व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को तलब किया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि अपराध व कानून व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जल्द से जल्द बदमाशों की धरपकड़ के निर्देश दिए हैं। दूसरी तरफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह का कहना है की वारदात को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती देने वाले बदमाशों के बारे में कुछ अहम जानकारियां मिली हैं, जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।