“सीओ रुड़की नरेंद्र पंत व सीओ मंगलौर विवेक कुमार अब बने अपर पुलिस अधीक्षक, कंधों पर सजे अशोक स्तंभ..
एसएसपी कैंप कार्यालय में हुआ कार्यक्रम, पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल सहित सभी अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: हरिद्वार पुलिस के लिए शनिवार का दिन सम्मान और उपलब्धि का रहा। पुलिस मुख्यालय के आदेश पर वरिष्ठता के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक से अपर पुलिस अधीक्षक पद पर पदोन्नत हुए सीओ रुड़की नरेंद्र पंत व सीओ मंगलौर विवेक कुमार का विधिवत ससम्मान अलंकरण किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के कैंप कार्यालय में आयोजित सेरेमनी कार्यक्रम में दोनों अधिकारियों के कंधों पर अशोक स्तंभ पहनाकर पदोन्नति की औपचारिक घोषणा की गई। इस अवसर पर एसएसपी ने मिठाई खिलाकर अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में जनपद के अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।
एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने कहा कि पदोन्नति केवल पद और सम्मान तक सीमित नहीं होती, बल्कि इसके साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे पूर्ण निष्ठा, समर्पण और कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा अपने अनुभव और नेतृत्व क्षमता से जनपद की कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन, ईमानदारी और जनसेवा सर्वोपरि है, और पदोन्नत अधिकारी इन मूल्यों को आगे बढ़ाते हुए युवाओं के लिए प्रेरणा बनेंगे। इस अवसर पर एसपी क्राइम जितेंद्र मेहरा, सीओ लाइन जूही मनराल भी उपस्थित रहे।
—————————————
पदोन्नत अधिकारी…..
1:- विवेक कुमार — क्षेत्राधिकारी, मंगलौर
2:- नरेंद्र पंत — क्षेत्राधिकारी, रुड़की
—————————————
पदोन्नति से पुलिस महकमे में हर्ष का माहौल रहा और उपस्थित अधिकारियों ने दोनों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।



