
पंच👊नामा
रुड़की: कोतवाली रुड़की क्षेत्र में सामने आए एक सनसनीखेज गैंगरेप मामले ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिलाया और जबरन दुष्कर्म किया,
जबकि उसके साथ मौजूद अन्य युवकों ने अश्लील वीडियो बनाकर वारदात को और संगीन बना दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी देहात शेखर सुयाल के सख्त निर्देश पर कार्रवाई…..
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शेखर सुयाल ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
सीओ रुड़की नताशा सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम को सक्रिय किया गया, जिससे महज कुछ ही घंटों में दो आरोपियों को दबोच लिया गया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अंशु चौधरी की अगुवाई में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम जौरासी से दो आरोपियों को उनके ठिकानों से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी मेहरबान पुत्र मकसूद, व अब्दुल रहमान उर्फ दुल्ला पुत्र जमील, निवासी जौरासी, थाना रुड़की, जनपद हरिद्वार को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार इस मामले में अन्य आरोपी भी शामिल हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पिरान कलियर की महिला ने भी दर्ज कराया दुष्कर्म का मुकदमा….
वहीं दूसरी ओर पिरान कलियर क्षेत्र में रह रही एक महिला ने भी दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया है। इस मामले में भी रुड़की पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
सीओ रुड़की नताशा सिंह ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक अंशु चौधरी, कांस्टेबल प्रदीप, अनूप लिंगवाल व महिला कांस्टेबल दीपा शर्मा शामिल रहे।



