
पंच👊नामा
पिरान कलियर: नगर पंचायत चुनाव के मद्देनजर वार्ड नंबर 1 में चुनाव प्रचार जोर-शोर से चल रहा है। चुनाव चिन्ह आवंटन के बाद उम्मीदवारों ने अपने-अपने निशानों को लेकर जनता के बीच पहुंच बनानी शुरू कर दी है। वार्ड में सभासद पद के लिए निवर्तमान सभासद व निर्दलीय उम्मीदवार प्रवेज़ मलिक और निर्दलीय प्रत्याशी अमजद मलिक के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। इस बार चुनाव चिन्ह के तौर पर प्रवेज़ मलिक को कुल्हाड़ी और अमजद मलिक को कैची मिला है। दोनों ही उम्मीदवार अपनी-अपनी लोकप्रियता और कामों के दम पर वोटरों को आकर्षित करने में जुटे हुए हैं।
————————————
प्रवेज़ मलिक: अनुभव और विश्वास का दांव…..प्रवेज़ मलिक, निवर्तमान सभासद के तौर पर अपनी उपलब्धियों और जनसेवा के कार्यों को लेकर मैदान में हैं। वार्ड की जनता के लिए उन्होंने अब तक किए गए विकास कार्यों को अपनी मजबूत दावेदारी का आधार बनाया है। कुल्हाड़ी के निशान के साथ प्रचार करते हुए वे लोगों से अपील कर रहे हैं कि उन्हें एक और मौका दिया जाए ताकि अधूरे काम पूरे किए जा सकें।
————————————
अमजद मलिक: बदलाव की उम्मीद…..अमजद मलिक, जो पिछले चुनाव में कम अंतर से रह गए थे, इस बार कैची के निशान के साथ मैदान में हैं। अमजद जनता के बीच यह संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं कि वार्ड को नई सोच और विकास की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए उन्हें चुना जाए। उनका कहना है कि वे इस बार जनता के प्यार से जीत दर्ज कराएंगे और हर समस्या का समाधान प्राथमिकता से करेंगे।
————————————
जनता के मन में असमंजस….वार्ड नंबर 1 की जनता इस बार चुनावी दंगल में उत्सुक है। एक तरफ निवर्तमान सभासद के तौर पर प्रवेज़ मलिक हैं, जिनका काम जनता ने देखा है। दूसरी तरफ अमजद मलिक हैं, जो बदलाव और नई सोच के वादे के साथ वोट मांग रहे हैं। दोनों ही प्रत्याशियों का वार्ड में अपना-अपना मजबूत जनाधार है, जिससे मुकाबला रोमांचक हो गया है।
————————————
चुनावी मैदान में कुल्हाड़ी और कैची के बीच यह संघर्ष किस दिशा में जाएगा, यह जनता के फैसले पर निर्भर करता है। जनता ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं, लेकिन यह साफ है कि दोनों प्रत्याशी अंतिम समय तक पूरी ताकत झोंकने वाले हैं।