पंच 👊 नामा ब्यूरो
हरिद्वार: पथरी थाना क्षेत्र के एक्कड़ गांव में ठेकेदार की हत्या जुआ खेलने के विवाद में हुई थी। ठेकेदार के साथ जुआ खेल रहे गांव के ही एक नशेड़ी ने पहले इनसे उसका सिर फोड़ा और फिर पुलिया से नीचे धक्का देने के बाद कुल्हाड़ी से उसकी गर्दन काट डाली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ योगेंद्र सिंह रावत ने जिला पुलिस मुख्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हत्याकांड का पर्दाफाश किया।
एकड़ गांव निवासी इस्तकार ट्रैक्टर ट्राली में रेत बजरी ढोने का काम करता था। मंगलवार की रात घर से जाने के बाद जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। उसी दौरान खेत में पुलिया के नीचे खून से लथपथ शव बरामद हुआ था। अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने के बाद पथरी थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम छानबीन शुरू की। जांच में पता चला कि घटना की रात गांव निवासी हुसैन पुत्र कालू और इस्तकार खेत में जुआ खेल रहे थे। उसी दौरान दोनों के बीच झगड़ा हुआ। इस्तकार शरीर में हुसैन से मजबूत था। इसलिए उसने पहले हुसैन को पीट दिया और वह बाइक पर बैठकर घर जाने लगा। तभी पीछे से ईट उठाकर हुसैन ने इस्तकार के सिर में मार दी। जिससे वह लहूलुहान हो गया। इसके बाद उसे पुलिया से नीचे धक्का दे दिया। लहूलुहान हालत में नीचे गिरने से इस्तकार बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपी हुसैन खेत से कुल्हाड़ी उठा कर लाया और उसकी गर्दन काट डाली। दोनों के बीच झगड़े के दौरान खींचातानी होने के निशान भी आरोपी हुसैन के शरीर पर मिले हैं। झगड़ा होने पर ठेकेदार ने आरोपी को पुलिस से पकड़वाने की धमकी भी थी।