पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: रंगों के पर्व होली पर ज्वालापुर क्षेत्र में दो अलग-अलग घटनाओं में एक गौरक्षक व उसके साथियों पर घर में घुसकर मारपीट और महिलाओं से हाथापाई का आरोप लगा है, तो दूसरी ओर पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर के बेटे पर ईंट, चाकू और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दोनों प्रकरणों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला सीतापुर की गणेश विहार कॉलोनी का है। यहां निवासी आरती शर्मा ने ज्वालापुर कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि वीर भगत सिंह गौ सेवा धाम, भगत सिंह चौक ज्वालापुर के अध्यक्ष पवन करमय उर्फ भगवा अपने साथियों पीयूष कौशिक उर्फ गोरी और ऋषभ शर्मा उर्फ लक्की के साथ उनके घर में जबरन घुस आए।
आरोप है कि तीनों ने उनके पति के साथ मारपीट की। बीच-बचाव में आई महिलाओं के साथ भी हाथापाई की गई। पीड़िता के मुताबिक हमलावरों ने जान से मारने की कोशिश की और धमकी देते हुए फरार हो गए। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
दूसरी घटना मोहल्ला कड़च्छ की है। पूर्व विधायक सुरेश राठौर के बेटे शिव प्रताप आदित्य राठौर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चार मार्च की शाम करीब साढ़े सात बजे वह रविदास मंदिर के सामने देशराज राठौर की दुकान पर बैठे थे। आरोप है कि तभी मोहल्ला कड़च्छ निवासी प्रवीण कुमार गाली-गलौज करते हुए दुकान में घुस आया और ईंट व चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनकी नाक पर गंभीर चोट आई।
इसी दौरान प्रवीण का भाई प्रदीप और पिता राजू भी लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए और तीनों ने मिलकर मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और बीच-बचाव कराया। आरोपित धमकी देते हुए फरार हो गए।



