अपराधदेहरादून

“नशे की लत ने बनाया चोर! पटेलनगर में दो घरों से गैस सिलेंडर चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार..

एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर पुलिस का एक्शन, तीन गैस सिलेंडर और स्कूटी समेत आरोपी गिरफ्तार..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; नशे की लत इंसान को किस हद तक अपराध की दुनिया में धकेल सकती है, इसकी बानगी पटेलनगर क्षेत्र में सामने आई है। नशे और अपनी दूसरी जरूरतों को पूरा करने के लिए एक युवक ने बंजारा वाला इलाके में दो घरों को निशाना बनाते हुए घरेलू गैस सिलेंडरों पर हाथ साफ कर दिया। हालांकि, चोरी के सिलेंडर बाजार में खपाने से पहले ही दून पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए तीन घरेलू गैस सिलेंडर और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद की है।एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पटेलनगर पुलिस ने चोरी की इन घटनाओं का खुलासा किया। बंजारा वाला निवासी मनोज बहुगुणा और सुनीता सेमवाल ने अपने घरों से गैस सिलेंडर चोरी होने की शिकायत पुलिस से की थी। दोनों शिकायतों के आधार पर थाना पटेलनगर में अज्ञात चोरों के खिलाफ अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे।इसके बाद इंस्पेक्टर नरेश राठौड़ के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही संदिग्धों के बारे में जानकारियां जुटाते हुए मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। पुलिस को मिली अहम जानकारी के आधार पर पटेलनगर क्षेत्र से एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान मोनू रावत (25 वर्ष) पुत्र जय प्रकाश निवासी वाणी विहार कॉलोनी, पानी की टंकी के पास रायपुर रोड, देहरादून, मूल निवासी चाकीसैंण, पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बंजारा वाला क्षेत्र के दो घरों से गैस सिलेंडर चोरी करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए तीन घरेलू गैस सिलेंडर और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद कर ली। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी नशे की लत तथा अन्य जरूरतों को पूरा करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। चोरी किए गए सिलेंडरों को बेचने की तैयारी में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। चोरी की घटनाओं का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मोहन सिंह, कांस्टेबल विपिन कुमार और कांस्टेबल प्रदीप शामिल रहे।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!