अपराधदेहरादून

Dehradun:- मर्डर मिस्ट्री का खुलासा: महीनों से रची जा रही थी विक्रम शर्मा की हत्या की साजिश, STF–दून पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 2 गिरफ्तार..

एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल और एसटीएफ कप्तान अजय सिंह ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किया सनसनीखेज खुलासा..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून: डालनवाला क्षेत्र स्थित सिल्वर सिटी मॉल में हुए चर्चित विक्रम शर्मा हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। उत्तराखण्ड एसटीएफ और दून पुलिस की संयुक्त टीम ने हत्या की साजिश में शामिल दो आरोपियों को अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तार किया है, जबकि छह आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि विक्रम शर्मा की हत्या की योजना कई माह पहले ही बना ली गई थी और इसके लिए जमशेदपुर, नोएडा और देहरादून तक रेकी की गई थी।देहरादून एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल व उत्तराखंड एसटीएफ कप्तान अजय सिंह ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि 13 फरवरी 2026 को डालनवाला पुलिस को सूचना मिली थी कि सिल्वर सिटी मॉल में अज्ञात हमलावरों ने एक व्यक्ति को गोली मार दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान अमन विहार रायपुर निवासी विक्रम शर्मा के रूप में की। घटना के बाद पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गईं।आपराधिक पृष्ठभूमि और पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह….
जांच में सामने आया कि विक्रम शर्मा झारखंड का कुख्यात अपराधी था और हत्या, हत्या के प्रयास व रंगदारी समेत कई मामलों में शामिल रहा था। पुलिस के अनुसार जेल में विक्रम शर्मा के करीबी से विवाद के बाद आरोपी विशाल सिंह को धमकियां मिल रही थीं। इसी रंजिश और अपराध जगत में वर्चस्व कायम करने की मंशा से आरोपियों ने विक्रम शर्मा की हत्या की साजिश रची।जिम जॉइन कर जुटाई दिनचर्या की जानकारी…..
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि घटना से करीब तीन माह पहले अंकित वर्मा नामक आरोपी ने उसी जिम को जॉइन किया था, जहां विक्रम शर्मा रोज जाता था। घटना वाले दिन भी उसी ने फोन कर साथियों को विक्रम के जिम में होने की सूचना दी। इसके बाद जिम से बाहर निकलते समय आशुतोष और विशाल ने उसे गोली मार दी।हरिद्वार से रेंट पर ली बाइक-स्कूटी, फिर स्कॉर्पियो से फरार…..
हत्या के बाद आरोपी पहले सहस्त्रधारा क्षेत्र में बाइक खड़ी कर हरिद्वार पहुंचे। वहां से रेंट पर ली गई स्कूटी और बाइक वापस कर पहले से खड़ी स्कॉर्पियो से नोएडा भाग निकले। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और वाहन विवरण के आधार पर जांच आगे बढ़ाते हुए जमशेदपुर से राजकुमार और ग्रेटर नोएडा से मोहित उर्फ अक्षत ठाकुर को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार और वांछित आरोपी…..
पुलिस ने अक्षत ठाकुर और राजकुमार को गिरफ्तार किया है। वहीं अंकित वर्मा, आशुतोष सिंह, विशाल सिंह, आकाश कुमार प्रसाद, यशराज और जितेन्द्र कुमार साहु अभी फरार हैं। सभी वांछित आरोपियों पर एसएसपी देहरादून ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।कई राज्यों में फैली थी साजिश की जड़ें…….
जांच में सामने आया कि आरोपी पहले जमशेदपुर और नोएडा में हत्या की योजना बना चुके थे, लेकिन विक्रम के साथ हमेशा लोगों के रहने के कारण मौका नहीं मिला। बाद में देहरादून में उसकी दिनचर्या का पता लगाकर वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई राज्यों में दबिश दी जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!