
पंच👊नामा
रुड़की: आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर पालतू कुत्तों को छोड़ दिया गया। कुत्ते ने एक दारोगा की टांग में काट खाया और उसे ज़ख्मी कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपी के परिवार ने हाथापाई करते हुए आरोपी को छुड़वा लिया।

वहीं, विद्युत बिल के बकायेदार का विद्युत कनेक्शन काटने गए मीटर रीडर को आरोपी ने अपने बेटों के साथ पकड़ लिया और दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। मीटर रीडर ने किसी तरह से जान बचाकर अपने अधिकारियों को सूचना दी।

दोनों घटनाएं रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पनियाला की हैं। पुलिसकर्मियों पर कुत्ते छोड़ने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
—————————————-
वारंटी को पकड़ने गई थी पुलिस टीम….

रुड़की सिविल लाइंस कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक नितिन बिष्ट, हेड कांस्टेबल गुलशन नेगी व अन्य पुलिसकर्मी पनियाला रोड शिवपुरम कालोनी में वारंटी आनंद राज को पकड़ने गए थे। कालोनी में पुलिस टीम आरोपी के भाई मुकेश के घर पर पहुंची। इस दौरान आनंद राज भाई मुकेश के घर के बाहर खड़ा हुआ था।

पुलिसकर्मियों ने उसे वारंट दिखाते हुए हिरासत में ले लिया। इस पर आनंद राज ने धक्का मुक्की की और भाई मुकेश की ओर दौड़ पड़ा। इसी बीच आरोपी के भतीजे शिवम ने भी पुलिस टीम के साथ हाथापाई करते हुए घर में मौजूद दो पालतु कुत्तों को पुलिस टीम के ऊपर छोड़ दिया।

कुत्तों ने उप निरीक्षक नितिन बिष्ट को पकड़ लिया और उसकी जांघ पर काट खाया। साथ ही अन्य पुलिसकर्मियों को भी दौड़ लिया। पुलिसकर्मियों ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी शिवम को पकड़ लिया।
—————————————-
55 लाख का बकायेदार है आरोपी…..

ऊर्जा निगम के अवर अभियंता सिमायला के नेतृत्व में एक टीम पनियाला चंदापुर गांव में बकाया वसूली कर रही थी। इस दौरान टीम कई स्थानों पर बकायेदारों के बिजली के कनेक्शन काट रही थी। इसी बीच मीटर रीडर आंनद सिंह लाइनमैन को लेकर एक बकायेदार के घर पर पहुंचे।

उस पर ऊर्जा निगम का 55 लाख रुपये से भी अधिक का बकाया था। मीटर रीडर आनंद ने कनेक्शन काटने के लिए कहा। इस पर बकायेदार व उसके तीन बेटों ने आनंद सिंह पर हमला कर दिया। उसका गला दबाने का प्रयास किया। आनंद ने इस बात की सूचना ऊर्जा निगम के अधिकारियों को दी।

इसके बाद एसडीओ व अवर अभियंता भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आनंद सिंह को कोतवाली गंगनहर में छोड़ा। अपर अभियंता ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस जांच में जुट गई है।