
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून: विकासनगर क्षेत्र में बीती 29 जुलाई को हुई स्नेचिंग की वारदात का दून पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक विकासनगर थाना का हिस्ट्रीशीटर भी है, जिसके खिलाफ झपटमारी, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं।
—————————————-
महिलाओं-बुजुर्गों की करते थे रेकी…..पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि वे नशे के आदी हैं और अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए सुनसान गली-मोहल्लों में महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को निशाना बनाते हैं। रेकी के बाद मौका पाकर वे कीमती सामान झपट लेते और तुरंत फरार हो जाते।
—————————————-
शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में…..पीड़ित टीकम सिंह निवासी काण्डोई भरम, चकराता ने कोतवाली विकासनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 29 जुलाई की शाम को अमर स्वीट शॉप के पास दो अज्ञात युवकों ने उनसे ₹12,000 नकद, वोटर आईडी और एटीएम कार्ड छीन लिए। इस पर थाना विकासनगर में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
—————————————-
सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मुखबिर तंत्र भी हुआ सक्रिय….पुलिस कप्तान अजय सिंह के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की। साथ ही पूर्व में इस प्रकार की घटनाओं में संलिप्त रहे अपराधियों की जानकारी जुटाकर उनका भौतिक सत्यापन किया गया।
—————————————-
मैदान से दबोचे गए आरोपी, नगदी और दस्तावेज बरामद…..पुलिस की लगातार छानबीन और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर अमर स्वीट शॉप के पीछे स्थित मैदान से दो आरोपी समीर पुत्र मासूम (20) निवासी मारटंडेल और आसिफ पुत्र राशिद (29) निवासी मुस्लिम बस्ती, विकासनगर को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से ₹11,500 नगद, वादी का वोटर आईडी और एटीएम कार्ड भी बरामद हुआ।
—————————————-
हिस्ट्रीशीटर निकला एक आरोपी…..गिरफ्तार आरोपी आसिफ के खिलाफ विकासनगर थाना में अब तक कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें झपटमारी, आर्म्स एक्ट और धमकी जैसे गंभीर मामले शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह क्षेत्र का सक्रिय अपराधी है।
—————————————-
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण….
1:- समीर पुत्र मासूम
निवासी – मारटंडेल, विकासनगर | उम्र – 20 वर्ष
2:- आसिफ पुत्र राशिद
निवासी – मुस्लिम बस्ती, विकासनगर | उम्र – 29 वर्ष
बरामदगी…..
₹11,500 नकद
वादी का वोटर आईडी और एटीएम कार्ड
—————————————-
पुलिस टीम में शामिल अधिकारी….
उपनिरीक्षक संदीप कुमार (चौकी प्रभारी, बाजार)
कांस्टेबल रजनीश कुमार
कांस्टेबल पवन बिष्ट