
पंच👊नामा-ब्यूरो
उत्तराखंड/गदरपुर: ओवरटेकिंग के मामूली विवाद ने उस वक्त खतरनाक रूप ले लिया जब नशे में धुत युवकों ने रोडवेज बस का पीछा कर दो अलग-अलग स्थानों पर जमकर तोड़फोड़ की और चालक के साथ मारपीट कर दी। इस सनसनीखेज घटना से बस में सवार यात्रियों में दहशत फैल गई, हालांकि गनीमत रही कि सभी यात्री सुरक्षित रहे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के सख्त निर्देशों पर पुलिस टीम ने एक्शन मोड में काम करते हुए मामले का खुलासा किया। “ZERO TOLERANCE” नीति के तहत अराजक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में गदरपुर पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपियों को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, शारदा शंकर निवासी टनकपुर की तहरीर पर थाना गदरपुर में मुकदमा दर्ज किया। आरोप था कि अज्ञात युवकों ने रोडवेज बस में तोड़फोड़ कर चालक से मारपीट की और यात्रियों में भय का माहौल बना दिया। मुकदमा दर्ज होते ही पुलिस अधीक्षक अपराध/काशीपुर व क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण में टीम गठित कर जांच शुरू कर दी गई।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी युवक शराब के नशे में मोटरसाइकिल से घूम रहे थे। इसी दौरान रोडवेज बस के ओवरटेक करने पर उनका विवाद हो गया। गुस्से में आकर उन्होंने पहले बस को रोककर गाली-गलौज की और तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसके बाद बस का पीछा करते हुए केलाखेड़ा-रत्नामडैया क्षेत्र में दोबारा हमला कर दिया।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों—हरजिन्दर सिंह, रिंकु सिंह, गोविन्द सिंह और अयान—को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त दो बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई हैं। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि अन्य फरार साथियों की तलाश में दबिश जारी है।
एसएसपी अजय गणपति का कड़ा संदेश…
जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। अराजकता और हुड़दंग करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से क्षतिपूर्ति भी कराई जाएगी। “ZERO TOLERANCE” नीति के तहत हर अपराध पर त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
पुलिस टीम….
1:- संजय पाठक, प्रभारी निरीक्षक गदरपुर
2:- उ0नि0 मोहन सिंह बोहरा
3:- हे0कानि0 चैतन्य सुयाल
4:- कानि0 जीवन फुलेरा
5:- कानि0 रवीन्द्र सिंह
6:- कानि0 मोहन बोहरा
7:- कानि0 राजेन्द्र सिंह बिष्ट



