“RTE फीस घोटाले में शिक्षा विभाग के अफसर पर शिकंजा, विजिलेंस की ट्रैप कार्रवाई में रंगे हाथ गिरफ्तारी..
जाल बिछा…और रिश्वत लेते ही धरे गए अफसर, 1 लाख की डील ने खोली पोल..
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून: सतर्कता विभाग ने शिक्षा विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए RTE के तहत फीस प्रतिपूर्ति के नाम पर रिश्वत मांगने वाले अफसर को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
शिक्षा के अधिकार (RTE) के तहत छात्रों की फीस प्रतिपूर्ति के बिल पास कराने के एवज में रिश्वत मांगे जाने की शिकायत सतर्कता विभाग को प्राप्त हुई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सतर्कता सेक्टर देहरादून की टीम ने गोपनीय जांच शुरू की, जिसमें आरोपों की पुष्टि होने के बाद ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई।
निर्धारित योजना के तहत विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान उप शिक्षा अधिकारी व प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी डोईवाला धनवीर सिंह बिष्ट और उनकी सहयोगी पुष्पांजलि को शिकायतकर्ता से 1,00,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को विधिक कार्रवाई के लिए हिरासत में लिया गया है। विजिलेंस टीम आगे की जांच में जुटी हुई है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है कि अवैध वसूली करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।



