“किसान के बेटे ने फोरेंसिक विभाग में पाई बड़ी कामयाबी, यूकेपीएसी परीक्षा में ज्येष्ठ वैज्ञानिक सहायक पद पर चयन..

पंच👊नामा
पिरान कलियर। नगर पंचायत पिरान कलियर के मुक़र्रबपुर निवासी किसान के बेटे मो. शोएब ने यूकेपीएसी परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनका चयन फोरेंसिक डिपार्टमेंट के नारकोटिक्स एंड साइकोट्रोपिक्स अनुभाग में ज्येष्ठ वैज्ञानिक सहायक (Senior Scientific Assistant) के पद पर हुआ है। इस उपलब्धि से पूरे नगर और परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। परिणाम घोषित होते ही रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों का उनके घर बधाई देने के लिए तांता लग गया।
मुक़र्रबपुर निवासी मो. शोएब पुत्र इब्दुर्रह्मान एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता इब्दुर्रह्मान खेती कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद शोएब ने कड़ी मेहनत और लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।
शोएब ने आईआईटी रुड़की से एमटेक करने के बाद वहीं के केमिस्ट्री विभाग से पीएचडी की पढ़ाई शुरू की और साथ ही यूकेपीएसी परीक्षा की तैयारी भी जारी रखी। उन्होंने बताया कि इससे पहले वे GATE और CSIR-UGC NET (JRF) जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाएं भी पास कर चुके हैं, जिसके आधार पर उनका चयन आईआईटी रुड़की के केमिस्ट्री विभाग में हुआ था।
उन्होंने बताया कि फोरेंसिक विभाग के नारकोटिक्स एंड साइकोट्रोपिक्स अनुभाग में केवल एक जनरल और एक ईडब्ल्यूएस सीट ही थी। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच उनका चयन जनरल सीट पर हुआ है, जो उनके लिए गर्व की बात है। शोएब ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और आईआईटी के प्रोफेसरों को दिया। उन्होंने कहा कि उनका सपना प्रदेश और देश की सेवा करना है।
शोएब की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बधाई देने वालों में विधायक हाजी फुरकान अहमद, चेयरमैन समीना, सलीम अहमद, सभासद जावेद साबरी, अकरम प्रधान, सभासद राशिद, तुफैल अहमद, शफक्कत चेयरमैन, एडवोकेट शादाब, रईस अहमद, इसरार शरीफ, नाजिम त्यागी, डॉक्टर यूनुस, सफीक मलिक, एडवोकेट सहजाद, रोशन समेत अनेक गणमान्य लोग और नगरवासी शामिल रहे।



