पुलिस में महिला होमगार्ड का जलवा, ठेंगे पर नियम, रुतबा कायम..
वर्दी पहन कर रील्स बनाने में माहिर, जीडी की संभालती है जिम्मेदारी, उठ रहे सवाल..
पंच👊🏻नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: पुलिस कप्तान अजय सिंह ने बरसों से ही एक ही थाने-कोतवाली में कुंडली जमाए पड़े जिले के 300 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को इधर से उधर किया। जिससे पुलिसकर्मियों में हलचल मची हुई है। हालांकि, कई धुरंधर पुलिसकर्मी व महिला पुलिसकर्मी इस बार भी नजर से बच निकलने में कामयाब रहे। बहरहाल, ये सारी कवायद पुलिस के काम-काज में पारदर्शिता लाने के लिए हुई।

लेकिन ऐसा कोई भी नियम जिले में एक महिला होमगार्ड पर नहीं चलता है। मर्जी से डयूटी बजाने वाली महिला होमगार्ड का मन कई साल से एक ही थाने व चौकी में अटका हुआ है। पुलिस हो या होमगार्ड विभाग, मजाल है कि कोई उसे हिला दे। कितने चौकी व कोतवाली प्रभारी आए, कितने गए, मगर महिला होमगार्ड सालों से एक ही जगह कायम है।

वर्दी पहनकर रील्स बनाने में माहिर महिला होमगार्ड के वीडियो पुलिसकर्मियों में खासे लोकप्रिय हैं। लाइक कमेंट की तो पूछिए ही मत। फैंस फॉलोइंग के मामले में बड़े अधिकारी भी उन्नीस हैं। रसूख का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वह पुलिसकर्मियों की तरह रोजनामचा तक की जिम्मेदारी संभालती है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में महिला होमगार्ड खुद जीडी प्रभारी की भूमिका में दिख रही है।

जाहिर है कि सवाल उठ रहे हैं। इसलिए मामला सिर्फ चर्चाओं में ही नहीं, आला अधिकारियों की जानकारी में भी है। बावजूद इसके, महिला होमगार्ड फिर से तैनाती का आदेश ले आई। सवाल यह है कि महिला होमगार्ड में ऐसी कौन सी काबिलियत है, जो किसी महिला कांस्टेबल तक में नहीं है। महिला होमगार्ड का इकबाल पुलिसकर्मियों चर्चा का विषय बना हुआ है, वैसे चर्चा में तो और भी कई चर्चाएं हैं, खैर यह बात तो महिला होमगार्ड जाने, हैड मोहर्रिर जाने या फिर कांस्टेबल जाने।