
पंच👊नामा
जगदीश शर्मा “देशप्रेमी, रुड़की: पति-पत्नी के बीच झगड़ा-मारपीट होने की खबरें लगभग रोज़ाना सामने आती हैं, लेकिन शिक्षानगरी रुड़की में एक अनोखा ही मामला सामने आया है। शादी की पहली ही रात दूल्हा-दुल्हन के बीच झगड़ा हो गया और गाली-गलौच के बाद नौबत मारपीट तक पहुंच गई।

ऐसा बताया गया है कि कमरे में आए पति पर फूल फेंकने को लेकर विवाद हो गया। विरोध करने पर दुल्हन ने पति को जमकर पीटा। पिटाई से दूल्हा इतना खौफजदा हो गया कि कमरे के अंदर घुसकर जान बचाई।

रात भर ड्रामा चलता रहा। दूल्हे ने दुल्हन को मानसिक बीमार बताते हुए आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने अपनी बेटी की बीमारी की बात छिपाई है।

झगड़ा कोतवाली पहुंचने पर कुछ लोग दोनों पक्षों में सुलह कराने में जुट गए। हालांकि अभी तक के विवाद में पुलिस भी नहीं समझ पा रही है कि उसे आखिर करना क्या है। यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
—————————

हरिद्वार जिले की रुड़की तहसील के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती की शादी गंगनहर कोतवाली रुड़की क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के साथ बीते 22 नवंबर को हुई थी। 23 नवंबर को दुल्हन ससुराल पहुंची।

रात के समय पति जब कमरे में आया तो दुल्हन ने पति पर फूल फेंक कर उसका स्वागत किया। यह बात दूल्हे को नागवार लगी और उसने विरोध किया। इसे लेकर बात इतनी बढ़ी कि नवदंपती के बीच मारपीट हो गई। दोनों के बीच जमकर गाली-गलौच भी हुई। आरोप है कि दुल्हन ने दूल्हे को जमकर पीटा। दूल्हा अपनी जान बचाने को कमरे में घुस गया और दरवाजा बंद कर लिया।
—————————————-
“दुल्हन ने गले में लपेटा चार्जिंग का तार…..

आरोप है कि दुल्हन ने अपने गले में मोबाइल चार्जर का तार लपेट लिया और कमरे की रेलिंग से नीचे कूदने का प्रयास किया। शोर होने पर दूल्हे के स्वजन मौके पर पहुंचे और दुल्हन को समझा बुझाकर शांत किया। लेकिन, युवक ने कमरे का दरवाजा खोलने से मना कर दिया।

मामले की जानकारी दुल्हन के मायके वालों को दी गई। जिसके बाद दुल्हन का भाई उसकी ससुराल पहुंचा और बहन को अपने साथ ले आया। शुक्रवार 24 नवंबर की शाम मायके पक्ष के लोग दुल्हन को फिर उसकी ससुराल छोड़ आए। दूल्हे ने उसके साथ रहने से इन्कार कर दिया।

इसे लेकर फिर हंगामा हुआ। दुल्हन ने फिर से मायके पक्ष को सूचना दी। मायके पक्ष के लोग फिर मौके पर पहुंचे और गंगनहर कोतवाली पुलिस को घटना से अवगत कराया। पुलिस ने मामला शांत कराया। इसके बाद दुल्हन समेत दोनों पक्षों के लोग गंगनहर कोतवाली पहुंच गए। कोतवाली में देर रात तक ड्रामा चलता रहा।
—————————————-
“दुल्हन को कोतवाली में ही छोड़ गए……

दूल्हे का कहना था कि दुल्हन मानसिक रूप से बीमार है। आरोप लगाया कि शादी से पहले बीमारी की जानकारी नहीं दी गई थी। शुक्रवार देर रात को दोनों पक्ष सुलह नहीं होने पर दुल्हन को कोतवाली में ही छोड़कर अपने घर आ गए। शनिवार सुबह फिर दोनों पक्ष के लोग कोतवाली पहुंचे। गंगनहर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में सुलह के प्रयास चल रहे हैं।