“बीएचईएल हरिद्वार और ज्वालापुर में श्रद्धा के साथ मनाया गया बाबा साहेब का महापरिनिर्वाण दिवस..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: भारतीय संविधान के निर्माता, भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर का 70वां महापरिनिर्वाण दिवस गुरुवार को बीएचईएल हरिद्वार और ज्वालापुर के अंबेडकर चौक पर श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। दोनों स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में बाबा साहब के विचारों, सामाजिक न्याय और समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
बीएचईएल हरिद्वार की उपनगरी स्थित स्वर्ण जयंती उद्यान में आयोजित कार्यक्रम में महाप्रबंधक एवं प्रमुख रंजन कुमार ने डॉ. अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि डॉ. अम्बेडकर ने अपना संपूर्ण जीवन समानता, शिक्षा, न्याय, स्वतंत्रता और बंधुता पर आधारित समाज के निर्माण के लिए समर्पित किया। उनके अनुसार समाज के हर वर्ग को सशक्त किए बिना मजबूत राष्ट्र की कल्पना अधूरी है।
कार्यक्रम में उपस्थित अन्य महाप्रबंधकों, वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों, यूनियन व एसोसिएशन के प्रतिनिधियों और एससी/एसटी फेडरेशन के पदाधिकारियों ने भी बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
उधर, जिला कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग की ओर से ज्वालापुर स्थित मौलाना कड़छ अंबेडकर चौक पर बाबा साहब का महापरिनिर्वाण दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर के श्रद्धांजलि दी गई। जिला अध्यक्ष तीर्थपाल रवि ने कहा कि बाबा साहब ने संविधान देकर देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और सम्मान के साथ जीने का अधिकार दिया। सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब उनके विचारों और संघर्ष को आगे बढ़ाया जाए और उनकी शिक्षा समाज के हर वर्ग तक पहुंचाई जाए।
इस अवसर पर पार्षद पुनीत कुमार, पार्षद सुनील कुमार, पार्षद प्रकाश चंद, सतीश कुमार, यशपाल सिंह, पूरन सिंह, देव आनंद, अजय मुखिया, शिवपाल, रवि, रमेश चंद्र कटारिया, नरेंद्र कुमार और विजय सिंह सहित अनेक लोगों ने बाबा साहब को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।



