शिवालिक नगर में कूड़ा निस्तारण बना संकट, पार्षद ने चेयरमैन को घेरा, उठाए सवाल, सीएम से लगाई गुहार, (देखें वीडियो)..
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: शिवालिक नगर नगर पालिका क्षेत्र में कूड़ा न उठने की समस्या अब विकराल रूप लेती जा रही है। जगह-जगह लगे कूड़े के ढेरों से ना केवल क्षेत्र की सुंदरता प्रभावित हो रही है, बल्कि स्थानीय लोगों को दुर्गंध और बीमारियों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है।इस मुद्दे को लेकर निर्दलीय पार्षद अमरजीत सिंह और रॉबिन ने नगर पालिका प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बार-बार शिकायतों के बावजूद कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हो रहा है। पार्षदों ने आरोप लगाया कि पालिका प्रशासन और अध्यक्ष राजीव शर्मा इस मुद्दे पर आंखें मूंदे बैठे हैं।
मुख्यमंत्री से लगाई गुहार……
पार्षदों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से जनहित के मद्देनजर इस मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र में जन आंदोलन छेड़ा जाएगा।जनता हो रही परेशान…..
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई स्थानों पर हफ्तों से कूड़ा नहीं उठाया गया है। इससे मक्खी-मच्छरों की भरमार हो गई है और बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। बच्चों और बुजुर्गों पर इसका सबसे ज्यादा असर पड़ रहा है।पालिका अध्यक्ष के खिलाफ बढ़ा आक्रोश…..
पार्षदों का आरोप है कि पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा समस्याओं को लेकर न तो क्षेत्र में आते हैं और न ही कोई समाधान देते हैं। पार्षद रॉबिन ने कहा कि यह प्रशासनिक लापरवाही नहीं बल्कि जनता के साथ धोखा है। अंत में पार्षदों की मांग है कि कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था में तुरंत सुधार किया जाए और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।