अपराधदेहरादून

“गैस एजेंसी संचालक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, सनसनी..

करोड़ों के लेनदेन की रंजिश के चलते पहले से मिल रही थी धमकियां, हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून: शहर के तिब्बती मार्केट क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में युवक को दून अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा (40) के रूप में हुई है, जो जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के संचालक थे। जानकारी के अनुसार अर्जुन बुधवार सुबह परेड ग्राउंड में टेनिस खेलने आए थे। इसी दौरान तिब्बती मार्केट के पास बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी और फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

परिजनों और करीबियों के मुताबिक, अर्जुन शर्मा को पहले भी जान से मारने की धमकी मिल चुकी थी। उन्होंने इस संबंध में कई बार पुलिस से शिकायत भी की थी।अर्जुन के साथ लंबे समय से काम कर रहे विजय नामक व्यक्ति ने आरोप लगाया कि उनका विजय उनियाल के साथ संपत्ति को लेकर करीब 40 से 42 करोड़ रुपये का लेनदेन चल रहा था। इसी विवाद के चलते पहले भी उन्हें धमकाया गया था। बताया जा रहा है कि एक वर्ष पूर्व अर्जुन की मां से दो फ्लैट का सौदा भी हुआ था।

अर्जुन का घर वसंत विहार क्षेत्र में आईटीबीपी के पास बताया जा रहा है। परिवार में पत्नी के अलावा करीब साढ़े चार साल का बेटा और साढ़े तीन साल की बेटी हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।एसएसपी अजय सिंह का कहना है कि हत्या के पीछे आपसी रंजिश और प्रॉपर्टी विवाद समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।घटना की प्रारंभिक जांच में अर्जुन के बारे मे जानकारी की गई तो पारिवारिक व्यवसाय को लेकर विवाद होना सामने आया। यह भी पता चला कि विवाद के चलते उनकी माता ने उच्च न्यायालय से अपने बेटे (मृतक अर्जुन) से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा ली हुई थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!