“चार साल बेमिसाल” का भव्य उत्सव: अल्मोड़ा में विकास, विश्वास और सुशासन की गूंज, योजनाओं से लाभान्वित हुआ जन-जन..

पंच👊नामा-ब्यूरो
अल्मोड़ा: धामी सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद अल्मोड़ा के मल्ला महल में बहुउद्देशीय शिविर एवं “जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुष्कर सिंह धामी के संबोधन का प्रसारण किया गया, जिसमें उन्होंने बीते चार वर्षों की उपलब्धियों को ऐतिहासिक बताते हुए राज्य के समग्र विकास की रूपरेखा प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर जनसामान्य को सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही चिकित्सा शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। मुख्य अतिथि मेयर अजय वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड ने विकास, विश्वास और सुशासन का मजबूत मॉडल स्थापित किया है। उन्होंने समान नागरिक संहिता, सशक्त भू-कानून और नकल विरोधी कानून जैसे फैसलों को ऐतिहासिक बताया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज हुई है, जीएसडीपी और प्रति व्यक्ति आय में बढ़ोतरी हुई है तथा हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर मिले हैं। उन्होंने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट, महिला सशक्तिकरण, स्टार्टअप प्रोत्साहन और पर्यटन क्षेत्र में रिकॉर्ड वृद्धि को सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैड़ा, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा समेत कई जनप्रतिनिधियों ने सरकार के कार्यकाल को अभूतपूर्व बताया। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों, स्कूली प्रस्तुतियों और स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक सहायता वितरण ने आयोजन को और खास बना दिया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, जहां “भारत माता की जय” के नारों से माहौल देशभक्ति से सराबोर हो गया।



