जेल में जमकर उड़ा गुलाल, बंदियों और स्टाफ ने मिलकर खेली होली..
श्रीमहंत रविंद्र पुरी भी हुए शामिल, गीतों पर लगे ठुमके, देखें वीडियो..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: होली के रंगों से जेल की सलाखों के पीछे बंदी भी सराबोर हो गए। जेल के भीतर विष्णु भक्त प्रह्लाद के पिता हिरण्यकश्यप के दरबार में बंदियों व स्टाफ ने मिलकर होली खेली। अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने बंदियों को होली की महत्ता बताई। परंपरागत गीतों पर बंदियों ने ठुमके लगाए और फूलों व रंगों से होली खेली गई।
जिला कारागार के वरिष्ठ अधीक्षक मनोज कुमार आर्य की पहल पर अन्य पर्वों की तरह होली का त्योहार भी धूमधाम से मनाया गया। कारागार में बंद बंदियों ने हिरण्यकश्प, प्रह्लाद, होलिका, भगवान विष्णु समेत अन्य किरदारों का मचंन किया। नाटक के मंचन के लिए बंदी कई दिनों से जुटे हुए थे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष व निंरजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने बंदियों को तनावमुक्त बनाने के साथ ही बुराई से अच्छाई की तरफ मोडने की दिशा में भी उत्तम प्रयास किया है। बंदियों को नए जीवन की राह मिलती है। होलिका मंचन पर नाटक के साथ ही होली के कुमाऊंनी व गढ़वाली लोकगीत भी बंदियों ने गाए। वहीं बीच-बीच में होली के फिल्मी गीतों पर डांस भी किया। इसके बाद शाम पांच बजे कारागार में बड़े खाने का आयोजन हुआ। जिसमें बंदियों ने हलवा,पुरी आलू व पेठे के सब्जी का आंनद उठाया। इस दौरान जेल डिप्टी विकास चंद्र, सोरण सिंह, चीफ फार्मासिस्टम राकेश गैरोला आदि मौजूद रहे।