
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: शहर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस ने एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम देकर साफ संदेश दिया है। एक ओर जहां हत्या के प्रयास के मामले में वांछित आरोपी को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया, वहीं दूसरी ओर शहर में चेकिंग के दौरान एक युवक को अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ दबोच लिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल के सख्त निर्देशों के क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में कोतवाली नगर पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की। हत्या के प्रयास के मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
शहर कोतवाल रितेश शाह के कुशल नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने हत्या के प्रयास के मुकदमे में वांछित आरोपी शिवम उर्फ शुब्भू (18 वर्ष) पुत्र योगेन्द्र, निवासी बिरला फार्म गोलकोठी, रायवाला (देहरादून) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर अपने साथियों के साथ मिलकर युवक शिवा पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
इसी क्रम में कोतवाली नगर पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान कांगड़ा पुल के पास से एक और बड़ी सफलता हासिल की। संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी में आदित्य शर्मा पुत्र पंकज शर्मा, निवासी जोगियामंडी, कोतवाली नगर हरिद्वार को 315 बोर के अवैध तमंचे और एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने तमंचा शौकिया तौर पर और लोगों को डराने के लिए रखने की बात कबूली।
आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। हरिद्वार पुलिस की इन त्वरित और प्रभावी कार्रवाइयों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि शहर में अपराध करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है, और कानून तोड़ने वालों पर पुलिस की नजर लगातार बनी हुई है।



