“गंगनहर में गिरी तेज़ रफ़्तार कार, मेरठ के दो युवकों की मौत..
तेज घूम पर चालक ने खोया नियंत्रण, राहगीरों ने पुलिस को दी सूचना, क्रेन से निकाली गई कार..

पंच👊नामा
रुड़की। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। मोहम्मदपुर झाल के पास तेज रफ्तार किया सेल्टोस कार अनियंत्रित होकर गंगनहर में जा गिरी।
हादसे में कार सवार मेरठ निवासी दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ओवर स्पीड और गंगनहर की पटरी पर मौजूद तीखा मोड़ सामने आ रही है।
देर रात मिली सूचना, मौके पर हड़कंप….
शनिवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि मोहम्मदपुर झाल के पास एक कार गंगनहर में गिरी हुई है। सूचना मिलते ही मंगलौर कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर ग्रे रंग की किया सेल्टोस कार नहर में उलटी अवस्था में आधी डूबी मिली।
झाल कर्मियों के सहयोग से पुलिस ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया। पानी के भीतर कार की तलाशी के दौरान उसमें दो युवक अचेत अवस्था में मिले। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकालकर 108 एम्बुलेंस से रुड़की मोर्चरी भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मेरठ के रहने वाले थे मृतक….
परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई— सौरभ शर्मा (25 वर्ष) पुत्र राजकुमार शर्मा, निवासी कुराली, थाना जानी, मेरठ। पुनीत (25 वर्ष) पुत्र आशुतोष, निवासी कुराली, थाना जानी, मेरठ। दोनों युवकों की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
निजी काम से रुड़की आए थे युवक…..
वाहन के पंजीकृत स्वामी विवेक शर्मा ने पुलिस को दूरभाष पर बताया कि दोनों युवक किसी निजी कार्य से रुड़की आए थे। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि तेज गति के कारण चालक तीखे मोड़ पर वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे गंगनहर में जा गिरी।
वाहन बाहर निकाला गया, जांच जारी……
पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार को गंगनहर से बाहर निकलवा लिया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हादसे के सभी पहलुओं की गहन जांच की जाएगी।



