कांग्रेसियों ने मदन कौशिक को दी चुनौती, सीएम धामी से कराएं कॉरिडोर न बनने की घोषणा, नहीं तो छोड़ें राजनीति…
पूछे सवाल, 20 साल बेमिसाल तो सड़कों में गड्ढे और गली-गली नशे का कारोबार क्यों

पंच👊नामा ब्यूरो
हरिद्वार: निकाय चुनाव में कॉरिडोर के मुद्दे को लेकर कांग्रेसियों ने भाजपा की घेराबंदी शुरू कर दी है। वार्ड 8 गऊघाट में कांग्रेस प्रत्याशी हिमांशु गुप्ता के कार्यालय के उद्घाटन के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा और विधायक मदन कौशिक पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस नेताओं ने नगर विधायक मदन कौशिक को सीधी चुनौती दे डाली कि उनकी बात में दम है तो मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से कॉरिडोर न बनने की घोषणा करा कर दिखाएं, अन्यथा राजनीतिक शास्त्र संन्यास लें। सवाल भी पूछा कि 20 साल बेमिसाल हैं तो सड़कों में गड्ढे और गली-गली नशे का कारोबार क्यों है।
कांग्रेस प्रदेश महासचिव संजय पालीवाल ने कहा कि मदन कौशिक और भाजपा ने हरिद्वार की जनता को “हेरिटेज सिटी” और “सौंदर्यीकरण” के नाम पर गुमराह किया। व्यापारियों के हितों की अनदेखी करते हुए, भाजपा ने कॉरिडोर को मौन स्वीकृति दी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि हरिद्वार में बेरोजगारी, नशे का कारोबार, और अनैतिक गतिविधियां बढ़ रही हैं, जबकि विधायक विकास के झूठे दावे कर रहे हैं। “20 साल बेमिसाल” का नारा सिर्फ प्रचार का माध्यम है, जबकि सड़कों की दुर्दशा और जनता की समस्याएं अनसुलझी हैं।
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप चौधरी ने कहा कि कॉरिडोर का प्रस्ताव हरिद्वार की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को खतरे में डाल देगा। उन्होंने वाराणसी, अयोध्या, और उज्जैन में कॉरिडोर से प्रभावित लोगों की समस्याओं का जिक्र किया।
उन्होंने मदन कौशिक को चुनौती दी कि वे मुख्यमंत्री से कॉरिडोर न बनने की घोषणा करवाएं या राजनीति से सन्यास लें। उद्घाटन समारोह में कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी अमरेश देवी समेत कई नेता और व्यापारी मौजूद थे। कांग्रेस ने व्यापारियों और आम जनता के साथ मिलकर कॉरिडोर के खिलाफ आंदोलन छेड़ने की घोषणा की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह लड़ाई न केवल व्यापारियों के हितों की है, बल्कि हरिद्वार की धार्मिक और पौराणिक पहचान को बचाने की भी है। कॉरिडोर का मुद्दा, जिसे भाजपा ने विकास का प्रतीक बताया था, अब उसके लिए गले की फांस बनता जा रहा है।
कांग्रेस ने इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाकर जनता और व्यापारियों का समर्थन हासिल कर लिया है। इस मौके पर मौजूद जनता ने कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी को समर्थन देने का आश्वासन दिया। लोगों ने कांग्रेस के इस कदम को सराहा और कहा कि कॉरिडोर के खिलाफ उनकी लड़ाई हरिद्वार की संस्कृति और धार्मिकता को बचाने की लड़ाई है। कांग्रेस उठाए गए इस मुद्दे ने निकाय चुनावों में भाजपा के लिए बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।