“चौकी इंचार्ज का मानवीय चेहरा: रास्ता भटके शिवभक्त की कांवड़ उठाकर पहुंचाया मंजिल तक, मानवता की मिसाल बनी उत्तराखंड पुलिस, (देखें वीडियो)..

पंच👊नामा
पिरान कलियर: श्रावण मास की पावन कांवड़ यात्रा जहां श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम है, वहीं इसके सफल संचालन के लिए उत्तराखंड पुलिस दिन-रात सेवा भाव से तैनात है। भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात संचालन जैसे कर्तव्यों के बीच भी पुलिसकर्मी मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता दे रहे हैं। ऐसा ही एक सराहनीय उदाहरण पिरान कलियर थाना क्षेत्र में देखने को मिला,
जहां एक पुलिस अधिकारी ने न सिर्फ ड्यूटी निभाई, बल्कि एक शिवभक्त की सेवा कर मानवता की मिसाल भी पेश की।
—————————————
मानवीय संवेदना का परिचय बने चौकी इंचार्ज…..धनौरी चौकी इंचार्ज पुष्कर सिंह चौहान का एक सराहनीय कार्य कांवड़ यात्रा के बीच चर्चा का विषय बन गया। कांवड़ मेले के दौरान शिवभक्त अपने वृद्ध पिता और गंगा जल से भरी कांवड़ को कंधों पर लेकर यात्रा कर रहे थे। दुर्भाग्यवश, यात्रा के दौरान रास्ता भटकने के साथ ही शिवभक्त कावड़िए के पैर में गंभीर तकलीफ हो गई, जिससे वह आगे कांवड़ उठाने में असमर्थ हो गए।
—————————————
पुलिस अधिकारी ने स्वयं उठाई कांवड़….स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चौकी इंचार्ज पुष्कर सिंह चौहान तुरंत मौके पर पहुंचे। ना सिर्फ उन्होंने शिवभक्त से हालचाल पूछा, बल्कि बिना किसी हिचकिचाहट के खुद कांवड़ को अपने कंधों पर उठाया और उन्हें सही मार्ग पर वापस लाया। यही नहीं, उन्होंने शिवभक्त को प्राथमिक उपचार भी दिलवाया और फिर गंतव्य की ओर रवाना किया।
—————————————
शिवभक्तों ने की दिल से सराहना….इस दौरान उपस्थित अन्य शिवभक्तों ने पुलिसकर्मी की इस सेवा और संवेदना से भरी कार्यप्रणाली की खुले दिल से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पुलिस सिर्फ सुरक्षा नहीं करती, बल्कि ज़रूरत के समय सेवा में भी आगे रहती है। चौकी इंचार्ज का यह कार्य श्रद्धालुओं के दिलों में पुलिस के प्रति विश्वास और सम्मान को और भी मजबूत करने वाला है।