“दर्दनाक हादसा: देखते ही देखते गंगनहर के तेज बहाव में बह गया आईआईटी रुड़की का छात्र..
घटना का वीडियो आया सामने, देखकर दहल उठा दिल — दोस्तों के सामने हुआ हादसा, तलाश जारी, (देखें वीडियो)..

पंच👊नामा
रुड़की: दोस्तों के साथ घूमने आए आईआईटी रुड़की के एक छात्र के साथ गंगनहर किनारे दर्दनाक हादसा हो गया। नगर निगम पुल के पास अचानक पैर फिसलने से छात्र तेज बहाव में बह गया और देखते ही देखते लापता हो गया।
घटना के दौरान मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश भी की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। हादसे का एक दिल दहला देने वाला वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पूरा घटनाक्रम साफ दिखाई दे रहा है।
जानकारी के अनुसार, आईआईटी रुड़की के एमबीए द्वितीय वर्ष के छात्र आशीष शुक्ला, निवासी बनारस, अपने दोस्तों के साथ गंगनहर स्थित नगर निगम पुल के पास घूमने पहुंचे थे।
इसी दौरान आशीष नहर के किनारे पहुंचे, तभी अचानक उनका पैर फिसल गया और वह अनियंत्रित होकर गंगनहर के तेज बहाव में बह गए।
साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई और बचाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही पलों में छात्र पानी में डूबकर लापता हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने जल पुलिस और गोताखोरों को मौके पर बुलाकर छात्र की तलाश शुरू करा दी है।
पुलिस के अनुसार, गंगनहर में तेज बहाव के चलते रेस्क्यू अभियान में दिक्कतें आ रही हैं, हालांकि लापता छात्र की तलाश लगातार जारी है। घटना के बाद से आईआईटी परिसर और क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है।



