
पंच👊नामा-ब्यूरो
पौड़ी: उत्तराखंड के कोटद्वार क्षेत्र में एक अज्ञात शव की बरामदगी ने जो कहानी उजागर की, वह न केवल चौंकाने वाली थी बल्कि इंसानी लालच और रिश्तों के खौफनाक अंत का आइना भी बनी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह के कुशल निर्देशन में पौड़ी पुलिस ने इस हाईप्रोफाइल मर्डर केस की गुत्थी को ना सिर्फ सुलझा बल्कि मृतक की दूसरी पत्नी और उसके प्रेमी को बिजनौर से गिरफ्तार कर हत्या की परतें खोलीं।
—————————————-
जंगल में मिला शव और शुरू हुई जांच…..बीती 05 जून को चौकी दुगड्डा कोटद्वार क्षेत्र के एक सुनसान जंगल में सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव की पहचान के लिए हरसंभव प्रयास किए, जिसके बाद परिजनों ने शव की शिनाख्त रविन्द्र कुमार पुत्र स्व. रामस्वरूप, निवासी रजोकरी, वसंत कुंज, दक्षिणी दिल्ली के रूप में की।
शव की संदिग्ध परिस्थितियों में बरामदगी के बाद मृतक के भाई राजेश कुमार ने 17 जून को कोटद्वार कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर हत्या की आशंका जताई। उन्होंने रविन्द्र की दूसरी पत्नी रीना सिंधू पर अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या करने का संदेह जताया।
—————————————-
SSP ने दिए निर्देश, टीम में सुलझाई मर्डर मिस्ट्री…..मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कप्तान लोकेश्वर सिंह ने पुलिस अधीक्षक कोटद्वार चंद्रमोहन सिंह व पुलिस उपाधीक्षक निहारिका सेमवाल के निर्देशन व प्रभारी निरीक्षक कोटद्वार रमेश तनवार के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन कर आवश्यक दिशानिर्देश दिए।
पुलिस टीम ने कई सीसीटीवी कैमरों का अवलोकन किया जिसमें SUV500 कार कोटद्वार के आसपास आती व कुछ समय बाद वापस जाती दिखाई दी। इसके अलावा फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्यों का संकलन किया, साक्ष्यों के आधार पर रीना सिंधु व उसके प्रेमी परितोष द्वारा रविन्द्र कुमार की हत्या करना पुख्ता पाया गया।
—————————————-
दूसरी पत्नी और प्रेमी की साजिश में हुई निर्मम हत्या….मृतक के भाई राजेश कुमार ने बताया कि वर्ष 2007 में रविन्द्र अपनी पहली पत्नी आशा देवी से अनबन के बाद हरिद्वार आ गया था। यहीं उसकी मुलाकात रीना सिंधू से हुई और वर्ष 2010-11 में दोनों ने विवाह कर लिया। रविन्द्र मुरादाबाद स्थित मकान बेचना चाहता था, लेकिन रीना इसके खिलाफ थी। इसी को लेकर दोनों में अक्सर विवाद होता था।
इसी दौरान रीना का संबंध पारितोष कुमार, निवासी बिजनौर से हो गया। पूछताछ में रीना ने बताया कि वह पारितोष से प्यार करने लगी थी और उसके साथ शारीरिक संबंध भी बना लिए थे। रविन्द्र से छुटकारा पाने के लिए दोनों ने हत्या की साजिश रची।
—————————————-
ऐसे रची गई खौफनाक साजिश….सीओ कोटद्वार निहारिका सेमवाल ने बताया, रीना ने रविन्द्र को पारितोष के घर नगीना बुलाया। वहां शराब पिलाने के बाद पारितोष ने फावड़े से उसके गले और छाती पर वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को SUV 500 कार में डालकर पहले रामनगर ले गए, लेकिन मौका न मिलने पर शव को कोटद्वार के दुगड्डा क्षेत्र में सड़क से नीचे जंगल में फेंक दिया। अगले दिन SUV को नोएडा में छोड़ दिया गया।
—————————————-
पुलिस की साइंटिफिक जांच और तत्पर कार्रवाई…..कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रमेश तनवार ने बताया पुलिस टीमों ने तकनीकी व वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए, सीसीटीवी फुटेज से संदिग्ध SUV को चिन्हित किया, फॉरेंसिक टीम ने मौके से अहम सबूत जुटाए और आखिरकार आरोपी रीना सिंधू और पारितोष कुमार को नगीना (बिजनौर) से गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों ने पूछताछ में अपराध स्वीकार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत मु0अ0सं0-161/2025 दर्ज किया गया है। आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
—————————————-
गिरफ्तार अभियुक्तगण…..1:- रीना सिंधू (उम्र-34 वर्ष), पत्नी स्व. रविन्द्र कुमार
निवासी – मकान नंबर C-51, रामगंगा बिहार, थाना सिविल लाइंस, मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश।
2:- पारितोष कुमार (उम्र-33 वर्ष), पुत्र देवेन्द्र कुमार
निवासी – ग्राम सराय पुरैनी, थाना नगीना, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश।
—————————————-
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान….1:- निरीक्षक उमेश कुमार
2:- उपनिरीक्षक राजविक्रम सिंह पंवार
3:- उपनिरीक्षक शशिभूषण जोशी
4:- महिला उपनिरीक्षक दीपिका बिष्ट
5:- उपनिरीक्षक विनोद चपराना
6:- अपर उपनिरीक्षक हरीश
7:- अपर उपनिरीक्षक सुशील कुमार (CIU)
8:- मुख्य आरक्षी सतेन्द्र कुमार
9:- आरक्षी जमशेद अली, आशीष बिष्ट, हरीश (CIU), अमरजीत (साइबर टीम)