जेल दिवस पर कैदियों ने लगाए चौके-छक्के, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने लपका कैच..
बंदियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जमाया रंग, मंत्री ने रचनात्मक गतिविधियों के लिए की जेल अधीक्षक की सराहना..
पंच👊🏻नामा-ब्यूरो
अरशद ख्वाजा, हरिद्वार: जिला कारागार रोशनाबाद में बुधवार को जेल दिवस की धूम रही। दो दिन चलने वाले कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश की बाल विकास एवं महिला सशक्तिकरण मंत्री रेखा आर्य ने किया। इस अवसर पर कैदियों और बंदियों ने क्रिकेट व बैडमिंटन आदि खेलों में अपना हुनर दिखाया।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने भी बल्लेबाजी में हाथ आजमाया और कैच लपककर कैदी को आउट किया।
देशभक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बंदियों ने रंग जमा दिया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने जेल में बंदियों के लिए सुधार के लिए किए जा रहे कार्यों के लिए वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज आर्य की सराहना की।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
————————————–
कार्यक्रम से बदली मंत्री की धारणा…..
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि फिल्मों में जेल की परिभाषा बड़ी अजीब तरीके से दिखती है। लेकिन आज जेल दिवस पर खेलों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बंदियों का उत्साह और उनकी प्रतिभा देखकर उन्हें अच्छा अनुभव हुआ है।
साथ ही जेलों को लेकर उनके विचार में भी परिवर्तन आया है। जेल में रचनात्मक गतिविधियों को लेकर वरिष्ठ अधीक्षक मनोज कुमार आर्य की प्रशंसा करते हुए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि बंदियों को सामाजिक सौहार्द सिखाते हुए सामाज की मुख्य धारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
————————————–
काफी दिन से तैयारी कर रहे थे कैदी…..
वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य ने कैबिनेट मंत्री का स्वागत करते हुए जेल दिवस की रूपरेखा बताई। उन्होंने बताया कि जेल दिवस के लिए कैदी और बंदी पूरे उत्साह के साथ काफी दिन से जुटे हुए थे।
इस दौरान डा. आरसी गैरोला, प्रभारी जेलर प्यारे लाल, डिप्टी जेलर विकास चंद्रा, भाजपा जिला महामंत्री आशु चौधरी, डॉ. विशाल गर्ग, विश्वास सक्सेना, मुनीश सैनी, मनोज गौतम, शिवम शर्मा, आदि शामिल रहे।