कनखल में पुलिस से बार-बार क्यों उलझ रहे भाजपाई, उठ रहे सवाल, चर्चाएं जोरों पर..
मौका मिलते ही दरी उठाकर थाने पहुंच रहे कार्यकर्ता, पुलिस ने कौन सा लगाया इंजेक्शन, आखिर क्यों नहीं मिल रहा आराम..

पंच👊🏻नामा-ब्यूरो
सुल्तान, हरिद्वार: कनखल में सत्ताधारी कार्यकर्ताओं का आए दिन पुलिस से विवाद और आरोप-प्रत्यारोप की कहानी आम जनता समझ नहीं पा रही है। मौका मिला नहीं कि कार्यकर्ता दरी उठाकर थाने पहुंच जाते हैं। इसके बाद मुर्दाबाद और हाय-हाय के नारे लगाते हुए जमकर तमाशा। लोग अंदाजा नहीं लगा पा रहे हैं आखिरकार पुलिस ने भाजपाइयों को ऐसी कौन सी चिरौरी काट ली कि महीनों से आराम नहीं मिल पा रहा है। सवाल इसलिए भी है कि भाजपा नेता अपनी ही सरकार में लाचार नजर आ रहे हैं।
इसके पीछे पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक गुट की खींचातानी सबसे बड़ा कारण बताई जा रही है। दरअसल, पूर्व विधायक संजय गुप्ता की सक्रियता ने मदन गुट के होश फा्ख्ता कर दिए हैं।

हद तो तब हो गई जब संजय गुप्ता का मदन कौशिक के गढ़ में मदन कौशिक के करीबि और खन्नानगर गोलीकांड के आरोपियों ने ही स्वागत कर डाला।
————————————–
जीडी के पन्नों में छिपा राज…..
कनखल थाने में जीडी के पन्ने पलटने पर इसके पीछे की कहानी आसानी से समझ आ जाती है। कनखल क्षेत्र में पुलिस ने कुछ महीनों से शराब, सट्टा से लेकर जरायम पेशेवरों पर अभियान चलाकर शिकंजा कसा है। सिफारिश करने वालों की दुकानों पर ताला और धंधेबाज हवालात में बंद।

हालांकि, हम किसी पर सरंक्षण देने के आरोप नही लगा रहे हैं, लेकिन ऐसी चर्चाएं लोगों की जुबान पर हैं कि अवैध पार्किंग बंद कराने से लेकर जरायम पेशेवरों पर शिकंजा कसना कुछ कथित नेताओं को रास नहीं आ रहा है। बिचौलिये की व्यवस्था खत्म करने से भी थानाध्यक्ष नरेश राठौर लगातार निशाने पर हैं।आए दिन विरोध प्रदर्शन से सबसे बड़ी समस्या यह है कि थाना घनी आबादी के बीच है। जाम और अव्यवस्था से आजमन को परेशानी झेलनी पड़ती है।