
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: लक्सर कोतवाली से महज 100 मीटर की दूरी पर बदमाशों ने ऐसा तांडव मचाया कि पुलिस व्यवस्था पर ही सवाल खड़े हो गए। एक निजी अस्पताल में सोमवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने अस्पताल संचालक व उसकी पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। दो घंटे तक बदमाश परिसर में घूमते रहे और “धुरंधर” माने जाने वाले कोतवाल को इस पूरी वारदात की भनक तक नहीं लगी। न कोई गश्त आई, न कोई चौकसी दिखी। पुलिस की मुस्तैदी और जिम्मेदारी पर स्थानीय जनता ने सीधा सवाल दागा है।
————————————-
हॉस्पिटल के भीतर दहशत का तांडव……घटना देर रात करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। लक्सर नगर के एक निजी अस्पताल में संचालक व उनकी पत्नी पर कुछ नकाबपोश युवकों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। वारदात के वक्त दंपति अपने आवासीय कक्ष में थे। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
————————————-
बदमाशों का दो घंटे तक खुला खेल……हमलावरों ने अस्पताल परिसर में खूब उत्पात मचाया। मरीजों व स्टाफ को धमकाया गया, कुछ उपकरणों को भी नुकसान पहुंचाया गया। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि करीब दो घंटे तक यह सब चलता रहा और कोतवाली से इतनी निकटता के बावजूद कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा।
————————————-
स्थानीय लोग बने सहारा, पुलिस आई सूचना के बाद…..घटना की सूचना जब आसपास के लोगों को लगी तो उन्होंने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। करीब 2 घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। घायल दंपति को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया है।
————————————-
CCTV में कैद हमलावर, पहचान की कोशिश जारी…..अस्पताल में लगे CCTV कैमरों में पूरी वारदात कैद हो गई है। फुटेज में 4 से 5 बदमाशों की गतिविधियां स्पष्ट दिख रही हैं। पुलिस का दावा है कि फुटेज के आधार पर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
————————————-
कोतवाल की निष्क्रियता पर सवाल……लोगों का कहना है कि कोतवाली के इतने पास अगर वारदात हो सकती है और कोतवाल व स्टाफ को कानों-कान खबर न हो, तो इसे लापरवाही नहीं तो क्या कहें? कोतवाल की निष्क्रियता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
——-
सीनियर सिटीजन की सुरक्षा के दावे खोखले
पीएचक्यू स्तर से पूरे प्रदेश में सीनियर सिटीजन की सुरक्षा को लेकर विशेष दिशा निर्देश पुलिस को दिए गए हैं। लेकिन इस घटना से साफ पता चल रहा है कि सीनियर सिटीजन की सुरक्षा को लेकर धरातल स्थिति क्या है।