
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में एकतरफा प्यार की सनक में फैजाबाद (उत्तर प्रदेश) के एक युवक ने पिस्टल से अपनी कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। युवती से मिलने हरिद्वार पहुंचे युवक ने पहले उसके साथ मारपीट की, मोबाइल छीन लिया और जान से मारने की धमकी दी। युवती किसी तरह उसके चंगुल से निकलकर पुलिस तक पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही युवक ने गैस प्लांट क्षेत्र के पास खाली मैदान में पिस्टल से गोली मारकर अपना भेजा उड़ा लिया।
पुलिस के मुताबिक, अरूवावा (फैजाबाद) निवासी युवती जमालपुर क्षेत्र की एक फैक्ट्री में काम करती है। उसने पुलिस को सूचना दी कि उसके गांव का रहने वाला सुजेश जमालपुर चौक के पास मिला, जिसके पास अवैध पिस्टल थी। आरोप है कि उसने युवती के साथ मारपीट कर मोबाइल छीन लिया और धमकी देते हुए फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने युवक का मोबाइल नंबर लेकर लोकेशन ट्रेस की और तलाश शुरू कर दी।
मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम इंडियन बॉटलिंग प्लांट गैस प्लांट क्षेत्र बहादराबाद की बाउंड्री वॉल के पीछे खाली मैदान तक पहुंची, जहां युवक ने पुलिस की घेराबंदी से पहले ही अपनी कनपटी पर गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पिस्टल बरामद कर ली और फोरेंसिक टीम को बुलाया।
एसएसपी नवनीत सिंह और एसपी सिटी अभय सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसएसपी ने बताया कि युवक और युवती दोनों के स्वजनों को हरिद्वार बुलाया गया है। पिस्टल कहां से आई और पूरे विवाद की वजह क्या थी, इसकी गहन जांच की जा रही है।



