राजनीतिहरिद्वार

मदन कौशिक के चुनाव में “संघ व भाजपा पदाधिकारियों ने की गद्दारी…!

प्रदेश अध्यक्ष के करीबी नेता ने लगाए संगीन आरोप, उठे कई सवाल..

इस खबर को सुनिए

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: चुनाव नतीजे आने से पहले ही भारतीय जनता पार्टी में भीतरघात को लेकर बवाल बढ़ता जा रहा है। लक्सर विधायक व भाजपा प्रत्याशी संजय गुप्ता के निशाने पर आए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के ही एक करीबी नेता ने अब संघ और भाजपा नेताओं पर गद्दारी का आरोप लगा दिए हैं।


जिससे कई सवाल खड़े हो गए हैं सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर संघ व भाजपा के वह कौन-कौन पदाधिकारी हैं, जिन्होंने चुनाव में मदन कौशिक को हराने के लिए काम किया है।


दूसरा सवाल यह है कि प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ यह असंतोष और नाराजगी पनपने का आखिर कारण क्या है। कुल मिलाकर भीतरघात को लेकर उठी यह चिंगारी भाजपा में किसी बड़े हंगामे का सबब बननी तय मानी जा रही है।
कांग्रेस की तरह भाजपा भी गुटबाजी से अछूती नहीं है। टिकट वितरण से लेकर पूरे चुनाव में लगभग हर सीट पर गुटबाजी सामने आई।
मतदान होते ही लक्सर से भाजपा प्रत्याशी और विधायक संजय गुप्ता ने मदन कौशिक पर आरोपों की झड़ी लगाते हुए मोर्चा खोल दिया। इतना ही नहीं संजय गुप्ता ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पर भीतरघात कराने का आरोप लगाते हुए उन्हें पार्टी से निष्कासित करने की भी मांग उठा दी।


लक्सर के अलावा प्रदेश के कई अन्य सीटों पर भी अपने ही पार्टी के नेताओं पर भीतरघात के आरोप सामने आए। लेकिन अब हरिद्वार सीट पर भी भितरघात का जिन्न बोतल से निकल कर सामने आ गया है। उत्तरी हरिद्वार के भाजयुमो मंडल अध्यक्ष चंद्रकांत पांडे ने बाकायदा फेसबुक पेज पर संघ और भाजपा पदाधिकारियों पर चुनाव में गद्दारी के आरोप लगाए हैं। दिलचस्प बात यह है कि चंद्रकांत पांडेय ने गद्दारी के बावजूद मदन कौशिक की जीत का दावा भी किया है। बकौल पाण्डेय, वह इसका सुबूत देने के लिए भी तैयार हैं। वह सबूत क्या होगा यह तो चंद्रकांत पांडेय या फिर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ही जाने।


लेकिन फिलहाल फेसबुक पर सीधे तौर पर संघ और भाजपा पदाधिकारियों पर गद्दारी के आरोप लगाए जाने से खलबली मच गई है। साथ ही कई सवाल भी खड़े होने लगे हैं कि आखिर ऐसे कौन-कौन पदाधिकारी हैं जिन्होंने मदन कौशिक के खिलाफ काम किया है।


यहां सवाल यह भी उठ रहा है कि जब खुद प्रदेश अध्यक्ष ही भीतरघात से अछूते नहीं रहे हैं तो अन्य प्रत्याशियों को भीतरघात से बचाने की उम्मीद किससे लगाई जा सकती है। साथ ही भीतरघात को लेकर अन्य प्रत्याशियों के  आरोपों को भी बल मिल रहा है। देखने वाली बात यह भी होगी कि चुनाव नतीजे आने तक भितरघात को लेकर मचा घमासान किस-किस को अपनी जद में लेता है और नतीजे आने के बाद यह ऊंट किस करवट बैठता है।
————————–
सोशल मीडिया पर वायरल….
चंद्रकांत पांडे के फेसबुक का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। भाजपा के अलावा कांग्रेस व अन्य दलों और आम लोग भी इसको लेकर कई तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। माना जा रहा है कि भीतरघात आने वाले दिनों में भाजपा के लिए बड़े फसाद का कारण बनेगा। पार्टी के नेता भले ही फिलहाल जीत को लेकर दिल ठोक कर दावा कर रहे हैं, लेकिन अंदर का हाल इन आरोपों से लगातार सामने आ रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »
error: Content is protected !!