“त्रिमूर्ति नगर वार्ड 44 में विकास की रफ्तार तेज, आनंद विहार कॉलोनी में सीसी सड़क निर्माण कार्य का फीता काटकर शुभारंभ..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: वार्ड 44 त्रिमूर्ति नगर में निरंतर चल रहे विकास कार्यों की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए बुधवार को आनंद विहार कॉलोनी में सीसी सड़क निर्माण कार्य की विधिवत नींव रखी गई। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों एवं कॉलोनीवासियों की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वार्ड पार्षद अहसान अंसारी ने बताया कि सीसी सड़क के निर्माण से कॉलोनीवासियों की वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान होगा और लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि आनंद विहार कॉलोनी में पूर्व में कच्ची और क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण बरसात के मौसम में कीचड़ और जलभराव की गंभीर समस्या बनी रहती थी, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
पार्षद अंसारी ने बताया कि नई सीसी सड़क के निर्माण से न केवल सड़क की मजबूती सुनिश्चित होगी, बल्कि क्षेत्र की स्वच्छता और सौंदर्य में भी उल्लेखनीय सुधार होगा। उन्होंने निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा में तथा उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने का आश्वासन भी दिया।
इस अवसर पर स्थानीय निवासियों ने सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए वार्ड पार्षद का आभार जताया और उम्मीद जाहिर की कि भविष्य में भी वार्ड के अन्य क्षेत्रों में इसी प्रकार विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे। सीसी सड़क निर्माण को वार्ड के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम में रिटायर्ड दरोगा अर्जुन लाल, सतीश जी, जाफिर अंसारी, दानिश अंसारी, अखिल कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं महिलाएं मौजूद रहीं।



