“इंस्पेक्टर नरेश राठौर बने प्रेमनगर कोतवाली प्रभारी, मनोज नौटियाल नेहरू कॉलोनी थानाध्यक्ष..
राजधानी में लॉ एंड ऑर्डर की मजबूती को पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल ने किया बड़ा फेरबदल, दो इंस्पेक्टर और 28 सब इंस्पेक्टर इधर से उधर..

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून: राजधानी देहरादून में हाल की घटनाओं को देखते हुए लॉ एंड ऑर्डर मजबूत करने के लिए पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल ने बुधवार देर रात बड़ा फेरबदल किया है।
जिसके तहत दो इंस्पेक्टर और 28 सब इंस्पेक्टरों की जिम्मेदारियां बदल दी गई। तेज़ तर्रार इंस्पेक्टर नरेश राठौर को प्रेमनगर कोतवाली प्रभारी बनाया गया।
जबकि मनोज नौटियाल को थाना नेहरू कॉलोनी की जिम्मेदारी दी गई है। कई महत्वपूर्ण पुलिस चौकियों में भी फेरबदल किया गया है।
राजधानी में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं, ट्रैफिक प्रबंधन और कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से यह प्रशासनिक बदलाव किया गया है। पुलिस कप्तान ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर अपराध नियंत्रण, अवैध गतिविधियों पर रोक और जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता दें।
पुलिस महकमे में हुए इस फेरबदल को कानून व्यवस्था के लिहाज से अहम माना जा रहा है। प्रेमनगर और नेहरू कॉलोनी जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में अनुभवी और तेज तर्रार अधिकारियों की तैनाती से अपराध पर अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इसके अलावा जिन 28 सब इंस्पेक्टरों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं, उन्हें अलग-अलग थानों और चौकियों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल ने कहा कि राजधानी में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए समय-समय पर इस तरह के प्रशासनिक बदलाव किए जाते रहेंगे, ताकि आम जनता को सुरक्षित माहौल मिल सके और अपराधियों पर सख्ती से कार्रवाई की जा सके।
सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के लिए पेट्रोलिंग बढ़ाने, रात्रि गश्त तेज करने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी की योजना भी तैयार की जा रही है।



