“जसमहेंद्र सिंह उर्फ मोंटू बने जिला बार संघ अध्यक्ष, विपिन द्विवेदी भारी मतों से सचिव निर्वाचित..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: जिला बार संघ के वर्ष 2025-26 के चुनाव परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। अध्यक्ष पद पर जसमहेंद्र सिंह उर्फ मोंटू ने 384 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी तरसेम सिंह चौहान को 115 मतों के अंतर से पराजित किया। इस पद पर सुशील कुमार 214 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
उपाध्यक्ष पद पर मीनाक्षी कपिल ने 292 मत हासिल कर विजय प्राप्त की। राव फरमान को 279 मत मिले। सचिव पद पर विपिन चंद द्विवेदी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 696 मत प्राप्त किए और अशोक कुमार कश्यप को 519 मतों के भारी अंतर से शिकस्त दी। सहसचिव पद पर जितेंद्र सिंघानिया ने 444 मतों के साथ जीत दर्ज की, जबकि कोषाध्यक्ष पद पर महेश कुमार सिंह ने 375 मत प्राप्त कर मयंक त्यागी को पराजित किया।
पुस्तकालयाध्यक्ष पद पर नीरज कुमार वीर को 372 मत मिले और उन्होंने सुखदेव को हराया। आय-व्यय निरीक्षक पद पर राकेश आर चौहान ने 578 मत प्राप्त कर कुलदीप कुमार पर जीत हासिल की। मुख्य चुनाव अधिकारी प्रदीप पालीवाल ने बताया कि कुल 1,091 मतदाताओं में से 1,003 अधिवक्ताओं ने मतदान किया। शुक्रवार को मतदान संपन्न हुआ था, जबकि शनिवार को मतगणना देर रात तक चली। कड़ी निगरानी और पारदर्शी प्रक्रिया के बीच चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
कार्यकारिणी के सात सदस्य पदों पर दीक्षित सिंह राठौड़, बसंत कुमार चतुर्वेदी, प्रशांत सैनी, ललित सैनी, अंकित भौरी वाल, मोहित सिंह और दिनेश चंद्र पांडे ने विजय प्राप्त की। चुनाव परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। अधिवक्ताओं ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों से बार की गरिमा, अधिवक्ताओं के हित और न्यायिक व्यवस्था को और मजबूत करने की अपेक्षा जताई।



