हरिद्वार

“कानून के रखवाले या ‘रकम वसूलने वाले’? केस बंद कराने की डील का ऑडियो बम फूटा..

“निश्चय राणा का बड़ा आरोप—दो दरोगाओं ने मांगी मोटी रकम, रिकॉर्डिंग के साथ एसएसपी से FIR की मांग..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: गंगनहर थाने में तैनात रहे दो उपनिरीक्षकों पर केस बंद करने के नाम पर मोटी रकम मांगने के आरोप सामने आए हैं। बागपत निवासी निश्चय राणा ने इस पूरे प्रकरण को उजागर करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से आरोपी पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है, साथ ही आरोपी पुलिसकर्मी से बातचीत की रिकॉर्डिंग भी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सौंपी है।प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकारवार्ता में निश्चय राणा ने कहा कि उनका परिवार वर्षों से न्याय के लिए संघर्ष कर रहा है। वर्ष 2012 में उनके पिता की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में उन्होंने लगातार अदालत में पैरवी की, जिसके चलते पांच आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई, जबकि दो आरोपी अब भी फरार हैं। राणा का आरोप है कि इसी पैरवी का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा और उन्हें निशाना बनाते हुए उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड समेत कई जगहों पर झूठे मुकदमे दर्ज कराए गए, जो जांच में टिक नहीं पाए।उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले रानीपुर कोतवाली में उनके खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया गया था, लेकिन पुलिस जांच में यह मामला पूरी तरह फर्जी पाया गया। इसके बावजूद वर्ष 2023 में उनके छोटे भाई निवेश राणा को भी विवादों में घसीटते हुए रुड़की के गंगनहर थाने में एक नया मुकदमा दर्ज कर दिया गया।राणा ने आरोप लगाया कि इस मुकदमे की जांच कर रहे दो उपनिरीक्षकों ने केस को कमजोर करने और बंद करने के नाम पर उनसे बड़ी रकम की मांग की। जब उन्होंने पैसे देने से इनकार किया और मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से की, तो दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया, हालांकि, राणा का कहना है कि सिर्फ निलंबन से न्याय नहीं होगा, जब तक इन पर भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई नहीं की जाती।उन्होंने यह भी कहा कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो यह संदेश जाएगा कि वर्दी के नाम पर मनमानी और भ्रष्टाचार को संरक्षण मिल रहा है। राणा ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र सौंपकर दोनों उपनिरीक्षकों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज करने और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!