
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: लक्सर के रणसुरा गांव में गौकशी की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापा मारकर दो गायों को सकुशल बरामद कर लिया। मौके से करीब 150 किलो संदिग्ध गोवंश मांस, खाल और अन्य अवशेष भी बरामद किए गए हैं।
जनपद में गौकशी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की, हालांकि आरोपी खेतों का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि रणसुरा गांव में तैय्यब के घर के पीछे गन्ने के खेत में कुछ लोग गौकशी कर रहे हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कौशयारी के नेतृत्व में कोतवाली लक्सर पुलिस और गौवंश स्क्वॉड हरिद्वार की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई।
घटना में रणसुरा गांव निवासी शाहरुख पुत्र मुन्तियाज, गुलजार पुत्र सईद तथा जौरासी मंगलौर निवासी रिफाकत पुत्र आबाद सहित अन्य के नाम प्रकाश में आए हैं। सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
तलाशी के दौरान जमीन पर गोवंशीय पशु के चार पैर के निचले हिस्से, करीब 150 किलो लाल, गुलाबी व पीले रंग का चर्बीयुक्त मांस, एक खाल और एक जोड़ी स्पोर्ट्स शूज बरामद किए गए। पास ही एक पेड़ से रस्सी से बंधी दो जीवित गायें मिलीं, जिन्हें पुलिस ने मुक्त कर सुरक्षित कब्जे में लिया।
ब्लॉक बहादराबाद के पशुचिकित्साधिकारी ने मौके पर पहुंचकर बरामद मांस का निरीक्षण किया और प्रथम दृष्टया उसे गोवंशीय पशु का मांस बताया। इसके आधार पर कोतवाली लक्सर में उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
बरामद की गई गायों में एक काले-सफेद रंग की और दूसरी भूरे रंग की बताई गई है। दोनों बिना सींग की हैं। पुलिस ने दोनों पशुओं को थाने लाकर सुरक्षित रखा है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कौशयारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान, उपनिरीक्षक रंजीत नौटियाल, कांस्टेबल कपिल देव, अरुण चौहान, रविन्द्र चौहान, अक्षय तोमर शामिल रहे। गौवंश स्क्वॉड हरिद्वार की टीम में हेड कांस्टेबल सुनील कुमार, कांस्टेबल दीवान सिंह, राजेन्द्र रावत, बृजकिशोर, प्रवीण और महिला कांस्टेबल लखमीरी शामिल रहीं।



