
पंच👊नामा
रुड़की: झबरेड़ा थाना क्षेत्र के भलसवागाज में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मौत की सूचना मिलने पर मृतका के मायके वाले मौके पर पहुंचे और ससुरालजनों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। मोर्चरी के बाहर मृतका के परिजनों का जमावड़ा लगा रहा मृतका के भाई ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।जानकारी के अनुसार सहारनपुर निवासी साक्षी ऊर्फ गुड्डी का साल 2006 में भलस्वागज निवासी संदीप के साथ धार्मिक रीति रिवाज के तहत विवाह हुआ था। परिजनों का कहना है कि शादी के दौरान अपनी हिम्मत से अधिक दान दहेज भी दिया था। आरोप है कि विवाहिता के ससुराल वाले दिए गए दान दहेज से संतुष्ट नहीं थे। मंगलवार की रात को विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

इसी दौरान किसी ने मामले की सूचना मृतक के मायके वालों को दी। सूचना मिलते ही मृतका के मायके वाले भलस्वागज पहुंचे और मृतका के ससुरालजनों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। मृतका के परिजनों का आरोप है कि विवाहिता को पहले भी दहेज की खातिर कई बार मारा पीटा गया। लेकिन बिरादरी के जिम्मेदार लोगों ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कर दिया था। लेकिन दहेज लोभी ससुराल वाले फिर से विवाहिता को प्रताड़ित करने लगे। परिजनों का आरोप है कि मृतका के मुंह और कान से खून आ रहा था। जिससे प्रतीत होता है कि विवाहिता की मार पीट कर हत्या की गई है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। मृतका के मायके वालों का जमावड़ा सिविल अस्पताल में लगा हुआ है। मृतका के भाई देवेंद्र कल्याण ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। झबरेड़ा थाना अध्यक्ष का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का सही पता चल पाएगा। उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है।