“अपराध पर जीरो टॉलरेंस का संदेश — सख्त तेवर में दिखे एसएसपी, त्योहारों और चारधाम यात्रा को लेकर कड़े निर्देश..
नवनीत सिंह भुल्लर की अपराध गोष्ठी में स्पष्ट संदेश — परफॉर्मेंस से तय होगी जिम्मेदारी, लॉ एण्ड ऑर्डर बिगड़ा तो होगी कड़ी कार्रवाई..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: जिले में कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि अपराध होने के बाद कार्रवाई नहीं, बल्कि अपराध होने से पहले उसे रोकना प्राथमिकता होनी चाहिए। पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित सभागार में आयोजित क्राइम मीटिंग में कप्तान के तेवर सख्त नजर आए और उन्होंने परफॉर्मेंस आधारित जिम्मेदारी तय करने की बात कही।
बैठक में एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय सिंह, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल सहित जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी व थाना प्रभारी मौजूद रहे। इस दौरान जिले में घटित जघन्य अपराधों के सफल अनावरण पर पुलिस टीमों की सराहना भी की गई, वहीं सुस्त कार्यप्रणाली पर फटकार भी लगी।
त्योहारों पर सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता…….
एसएसपी ने प्रचलित रमजान, आगामी होली और ईद को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए थाना प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। संवेदनशील क्षेत्रों में समुदायों के साथ बैठक कर सामंजस्य स्थापित करने, हुड़दंगियों को चिन्हित कर कार्रवाई करने और नियमित गश्त सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए। उन्होंने साफ कहा कि लॉ एण्ड ऑर्डर में किसी भी तरह की लापरवाही व्यक्तिगत जिम्मेदारी मानी जाएगी।
चारधाम यात्रा की तैयारियों पर विशेष फोकस…..
आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए एसपी ट्रैफिक को समय से ट्रैफिक प्लान तैयार करने, राष्ट्रीय राजमार्गों पर दिशा-सूचक होर्डिंग लगाने और यात्रियों की सुविधा के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। कप्तान ने पूर्व तैयारियों को बेहद जरूरी बताया।
शिकायतों के निस्तारण में देरी नहीं……
एसएसपी ने पुलिस कार्यालय आने वाले पीड़ितों के प्रार्थना पत्रों पर 15 दिन के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सीएम हेल्पलाइन व शिकायत प्रकोष्ठ से प्राप्त मामलों की साप्ताहिक समीक्षा कर त्वरित और स्पष्ट निस्तारण पर जोर दिया गया।
साइबर अपराध, गैंगस्टर और वाहन चोरी पर सख्ती……
साइबर सेल के कार्यों पर संतोष जताते हुए बेहतर रिस्पांस के निर्देश दिए गए। गैंगस्टर एक्ट के तहत संपत्ति जब्ती की धीमी कार्रवाई पर नाराजगी जताई गई। बढ़ती वाहन चोरियों पर प्रभावी चेकिंग अभियान चलाने और कॉलनमी अभियान को और मजबूत करने को कहा गया।
नशे के खिलाफ जड़ तक कार्रवाई के निर्देश……
एनडीपीएस मामलों में केवल औपचारिक कार्रवाई नहीं बल्कि नशे के नेटवर्क की तह तक पहुंचने पर जोर देते हुए एसएसपी ने कहा कि आज का युवा देश का भविष्य है, इसलिए नशे के खिलाफ ठोस अभियान जरूरी है।
फायर सर्विस और सुरक्षा व्यवस्था पर भी निर्देश……
गर्मी से पहले सभी फायर स्टेशनों को एक्टिव मोड में रहने, आग की घटनाओं में रिस्पांस टाइम सुधारने और जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही विवेचनाओं में पारदर्शिता, लंबित मामलों के निस्तारण और सड़क दुर्घटना मामलों की प्रभावी मॉनिटरिंग पर जोर दिया गया।



