साधु बनकर घूमता मिला लापता पति, घर जाने से किया इनकार..
सिर्फ 3 साल पहले हुई थी शादी, 8 माह से ढूंढ रही थी पत्नी,, सन्यासी का हाथ पकड़कर थाने ले पहुंची महिला..

पंच 👊 नामा
रुड़की: शादी के लगभग ढाई साल बाद ही एक पति घर से लापता हो गया। पत्नी दर-दर की ठोकर खाते हुए उसे ढूंढती रही। अब वह मिला भी तो साधु के भेष में। महिला ने उसे पहचान लिया और लेकर थाने पहुंच गई। लेकिन उस समय सब लोग हैरान रह गए, जब पति ने घर लौटने से साफ इनकार कर दिया। पुलिस ने उसकी काउंसलिंग भी की, लेकिन पति घर जाने को राजी नहीं हुआ।
मामला हरिद्वार के झबरेड़ा थाना क्षेत्र का है। एक महिला एक सन्यासी का हाथ पकड़े थाने में दाखिल हुई तो पुलिस भी हैरान रह गई। पूछने पर महिला ने बताया कि सन्यासी उसका पति है। महिला ने बताया कि 8 महीने से वह लापता चल रहा था और वह उसे ढूंढने में जुटी थी। 3 साल पहले ही उनकी शादी हुई थी। दोनों के एक संतान भी है। वहीं, पति का कहना था कि वह घर बाहर छोड़ चुका है और नाथ संप्रदाय की दीक्षा ले ली है। इस पर पुलिस ने उसे समझाने का प्रयास किया कि अगर दीक्षा ही लेनी थी तो 3 साल पहले शादी क्यों की।
पुलिस ने यह भी कहा कि उसे पत्नी और बच्चे का गुजारा देना होगा। लाख समझाने के बावजूद महिला का पति टस से मस नहीं हुआ। महिला अब अपने मायके वालों और रिश्तेदारों को बुलाकर पति को घर ले जाने की जद्दोजहद में जुटी हुई है।