हरिद्वार

“निक्षय मित्र योजना ‘संकल्प से सिद्धि’ की ओर मजबूत कदम: श्रीमहंत डॉ. रविन्द्र पुरी..

टीबी मरीजों को बांटी पोषण किट, स्वास्थ्य विभाग की टीम सम्मानित..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर हरिद्वार में मंगलवार को सेवा और सम्मान का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में श्रीमहंत डॉ. रविन्द्र पुरी ने टीबी (क्षय रोग) से जूझ रहे मरीजों को पोषण किट वितरित कर उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना की। साथ ही जिला क्षयरोग केंद्र की टीम और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।अपने अध्यक्षीय संबोधन में श्रीमहंत डॉ. रविन्द्र पुरी ने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘टीबी मुक्त भारत’ के लक्ष्य को प्राप्त करने में निक्षय मित्र योजना संकल्प से सिद्धि की ओर बढ़ता हुआ सशक्त कदम है। उन्होंने कहा कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी से लड़ाई केवल दवाओं से ही नहीं, बल्कि संतुलित और पौष्टिक आहार से भी जीती जा सकती है। उन्होंने समाज के निक्षय मित्रों की सराहना करते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान में जुड़ने का आह्वान किया।उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना ही सच्ची सेवा है। कार्यक्रम में एसएमजेएन पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि इस वर्ष विश्व टीबी दिवस की थीम “हां, हम टीबी को खत्म कर सकते हैं” है, जो सामूहिक प्रयास और जागरूकता का संदेश देती है।कार्यक्रम की विशेषता जिला क्षयरोग केंद्र, हरिद्वार की समर्पित टीम का सम्मान रहा। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार वर्मा और जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. रमेश कुंवर सहित कई स्वास्थ्य कर्मियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा चिकित्सा, फार्मेसी, प्रबंधन और फील्ड से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को भी उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।निक्षय मित्र योजना में सहभागिता और जनजागरूकता में योगदान के लिए प्रो. (डॉ.) सुनील कुमार बत्रा और डॉ. विजय शर्मा को भी जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया।जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. रमेश कुंवर ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से विभाग का मनोबल बढ़ता है और मरीजों को बीमारी से लड़ने की नई ऊर्जा मिलती है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!